शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जियाखेल निवासी खुशीराम का शव रविवार सुबह अजीजगंज में खेत पर अमरूद के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बुजुर्ग खेत की रखवाली करने के लिए गया था। परिजन ने पुरानी रंजिश को लेकर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया।
70 वर्षीय खुशीराम शनिवार शाम को अजीजगंज स्थित खेत की पशुओं से रखवाली करने के गए थे। रविवार सुबह उनका शव धोती के जरिये फंदे पर लटका मिला। अजीजगंज के लोगों ने शव को देखा तो वहां काफी भीड़ लग गइ। इस बीच खुशीराम के घर खबर दी। परिजन ने बताया कि खुशीराम के चेहरे पर चोट भी लगी है, साथ ही खेत में घसीटने के निशान भी मिले हैं। सूचना पाकर कोतवाली थाना प्रभारी संदीप मिश्रा भी पहुंचे और शव को पेड़ से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की बेटी हंसमुखी ने पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक, खुशीराम का एक बेटा एक मामले में जेल में निरुद्ध है। दोनों पक्षों का लंबे समय से विवाद चल रहा है।
खेत जुतवाने पर दो दिन पहले हुआ था विवाद
-अजीजगंज में एक खेत को लेकर खुशीराम का दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद चल रहा था। खेत को लेकर मुकदमा भी कर रखा था। मृतक खुशीराम की बेटी हंसमुखी ने बताया कि दो दिन पहले खेत जुतवाने को लेकर विवाद हो गया था। तभी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि बदला लेने के लिए पिता की हत्या कर शव को लटका दिया।
-शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सोमवार को पीएम रिपोर्ट मिल जाएगी। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरवणन टी, सीओ सिटी।