शाहजहांपुर में सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़े खरीदते लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। तापमान में गिरावट की शुरुआत नवंबर के पहले दिन से होने लगी थी। पहले सप्ताह दिन में अधिकतम तापमान 30.8 से घटकर 27.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। अपवाद के तौर पर गत मंगलवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 30.5 डिग्री हुआ, लेकिन तब से दिन में लगातार गिर रहा पारा सर्दी का अहसास कराने लगा है।
इस दौरान रात में न्यूनतम तापमान भी लगातार गिर रहा है। चार दिन पहले रात का तापमान 15.2 डिग्री से घटकर आज 13.1 डिग्री हो गया। यही नहीं, बीते माह भारी वर्ष के बाद से हवा में नमी इतनी घुल गई है कि सुबह के वक्त कुहासे की चादर छाने लगी तो तापमान में तेजी से गिरावट का मुख्य कारण है।
जिन लोगों ने अभी तक अपने गर्म कपड़े बक्सों में रख छोड़े थे, वह निकलकर बाहर आने लगे हैं। दिन में लोग सड़कों से बाजारों तक साधारण कपड़ों में बेफिक्र घूमते दिख जाते हैं, लेकिन दिन ढलने के बाद ज्यादातर लोग गर्म इनर, हाफ स्वेटर पहने नजर आने लगे हैं। इसी के साथ बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है।
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह का कहना है कि रोजाना सुबह के समय वायुदाब में सामान्य से कमी देखी जा रही है और इसी वजह से ऊंचाई पर छाई बादलों की धुंध धूप का रास्ता रोककर अगले कुछ दिन तक सर्दी बढ़ाती रहेगी।