शाहजहांपुर में रविवार को तड़के मामूली बूंदाबांदी के बाद सुबह से आसमान पर मंडराते बादल। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण बीती शाम से छाए बादल रात में घने होने के साथ बूंदाबांदी हुई तो न्यूनतम तापमान एक डिग्री लुढ़क गया। नम हवा चली तो रविवार सुबह बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रहा, लेकिन बाद में धूप निकलने से उमस भरी गर्मी ने जनजीवन को बेचैन करना शुरू कर दिया। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि शाम को बैरोमीटर सूचकांक में आई गिरावट को देखते सोमवार को बूंदाबांदी और बारिश होने के आसार हैं।
इस दौरान बादल छाए रहे और कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। रविवार सुबह वायुदाब सामान्य से अधिक हुआ तो हवा की गति बढ़ने के साथ बादल छिटकने लगे और दिन में नौ बजे के बाद से धूप मेें तीखापन आने लगा। बारिश के कारण वातावरण में व्याप्त नमी वाष्प में बदलनी शुरू हुई तो उमस ने जन सामान्य को बेहाल करना शुरू कर दिया।
आर्द्रता 92 से घटकर 77 फीसदी रह गई। दोपहर बाद फिर से बैरोमीटर सूचकांक लुढ़कना शुरू हुआ। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि यदि हवा के दबाव में रात में कोई परिवर्तन नहीं हुआ और वायु दाब सामान्य से कम बना रहा तो सोमवार सुबह आसमान बादलों से ढका रहेगा और हल्की वर्षा हो सकती है, लेकिन तेज बारिश होने की संभावना नहीं है।