शाहजहांपुर में धूप खिलने पर बाजार में खरीदारी करने जाते लोग । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सोमवार देर शाम से बादल छाए रहने के कारण मंगलवार को रात मेें न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री बढ़कर नौ डिग्री सेल्सियस हो गया। सुबह मध्यम गति से चली पछुआ हवा ने शीतलहर का अहसास कराया तो तापमान तीन डिग्री घट गया। ठंडी हवा से सूर्योदय के बाद भी दो घंटे तक ठिठुरन बनी रही लेकिन बाद में आसमान साफ हुआ तो दस बजे से तेज धूप निकलने के साथ ही सर्दी में कमी आई और अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री बढ़कर 24 डिग्री सेल्सियस हो गया। इसके साथ ही मौसम सुहाना होने से बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई।
बीते दिन की तुलना में मंगलवार को सुबह कोहरा बहुत कम रहा। इस कारण सूर्योदय के बाद धूप निकली, लेकिन चार से सात किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवा चलने से सुबह देर तक सर्दी का प्रकोप बना रहा। बाद में धूप तेज होने पर माहौल में थोड़ी गरमाहट आई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार बैरोमीटर की रीडिंग सामान्य से कम होने के बावजूद उत्तर पश्चिम हवा का वेग रात से बढ़ेगा क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ फिर से हावी हो रहा है और इससे वायु दाब में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को दिन भर ऊंचाई पर बादल छाए रहने के धूप कम निकलेगी और सर्द हवा से ठिठुरन बढ़ने का अनुमान है।