शाहजहांपुर में शनिवार को धूप निकलने पर बाजार में खरीदारी करने जाती महिलाएं । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। वायुदाब में उतार-चढ़ाव के समानांतर मौसम के तेवर कभी तीखे तो कभी नरम पड़ रहे हैं। बीती शाम से वायुदाब बढ़ना शुरू हुआ तो नम हवा ठंडक पैदा करने लगी और सुबह तक न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री लुढ़ककर 12.6 डिग्री सेल्सियस के निचले स्तर पर पहुंच गया। इस वजह से सर्दी के चालू सीजन में शुक्रवार की रात सबसे सर्द साबित हुई, लेकिन शनिवार को सूर्योदय के साथ तीखी धूप तपिश बढ़ाने लगी।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान जवाद के असर से रविवार को बादल छाए रहेंगे और इस दौरान हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। रात में सर्दी बढ़ने का सिलसिला दो दिन से जारी है। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री रिकार्ड किया था, जो बीते दिन करीब एक डिग्री घट गया। शाम से हवा की गति बढ़ी तो वातावरण में व्याप्त 88 प्रतिशत आर्द्रता सर्दी बढ़ाने लगी और इसी वजह से रात में थर्मामीटर का पारा 3.1 डिग्री और लुढ़क गया।
हवा की वजह से आसमान साफ रहा और इसीलिए शनिवार को सुबह सूर्योदय के बाद धूप निकली तो माहौल गुनगुना होने से जनजीवन को सर्दी से राहत मिल गई। दिन में 11 बजे तक धूप इतनी तेज हो गई कि उसके आगे ज्यादा देर तक खड़ा रहना कठिन हो गया। मौसम सामान्य होने से सड़कों से लेकर बाजारों तक रौनक भी बढ़ गई। गृहणियों ने तेज धूप निकलने का पूरा लाभ उठाया। गर्म कपड़ों, लिहाफों, कंबलों को धूप दिखाई। बाजार के काम भी लोगों ने खुले मौसम में बेफिक्री से निपटाए।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार दिन में धूप तेज होने के कारण अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस हो गया और आर्द्रता 24 प्रतिशत घट गई, लेकिन जवाद चक्रवाती तूफान के प्रभाव से देर रात से मौसम बदलने के पूरे आसार हैं। उनका कहना है कि रविवार को दिन भर बादल छाए रहने से धूप कम निकलने का अनुमान है और इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।