अल्हागंज। एसडीएम दुर्गेश यादव और नायब तहसीलदार रोहित कटियार ने बृहस्पतिवार को सुबह नगर पंचायत की सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान मोहल्ला पीरगंज में नालियां गंदी होने से सड़क पर हो रहे जलभराव और सार्वजनिक शौचालय में गंदगी देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
एसडीएम ने नगर पंचायत के कर्मचारियों को तलब कर तत्काल नाली की सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मोहल्ले की एक महिला ने उन्हें बताया कि नालियां गंदगी से बंद हो जाने से पास के ही तालाब से पानी वापस लौटकर मोहल्ले के रास्तों पर भर रहा है, लेकिन सफाई के लिए कर्मचारी कभी-कभार आते हैं।
थाने के पीछे गोशाला का निरीक्षण कर एसडीएम ने वहां सफाई कराकर पशुओं के लिए पानी और हरे चारे का प्रबंध करने के निर्देश दिए। महिला यात्री प्रतीक्षालय में उन्हें एसी बंद मिला। वहां की टाइलें टूटी हुई थीं और फर्नीचर पर धूल की मोटी परत जमी दिखी। इस पर एसडीएम ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद