कुर्रियाकलां। गैरतपुर गांव के पूरब में लगा ट्रांसफाॅर्मर गत सप्ताह ओवरलोडिंग से जल जाने से पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप है। गर्मी और उमस में लोगों के घरों में लगे पंखे, कूलर, फ्रिज आदि बंद पड़े हैं। छोटे बच्चों का गर्मी से बुरा हाल है, लेकिन ग्रामीणों की शिकायत पर भी ट्रांसफाॅर्मर नहीं बदला है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
पूर्व प्रधान मोहनलाल ने बताया कि गांव में लगा ट्रांसफाॅर्मर कुछ माह पूर्व लाइनमैन ने खराब बताकर उतार लिया और दूसरी जगह लगा दिया। गांव में लगाया गया कम क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर आए दिन खराब हो जाता है। प्रदर्शन में पूर्व प्रधान के अलावा दिनेश कुमार, गंगासरन, अखिलेश, खुशीराम, मोरपाल वर्मा, सुरेश चंद्र, पुष्पेंद्र आदि शामिल रहे। चौहनापुर विद्युत उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता ब्रजेश निषाद के अनुसार गांव के कुछ लोग ट्रांसफॉर्मर के पास लाइन काटकर रात में कटिया डालकर बिजली जलाते हैं। इसीलए बार-बार ओवरलोड होकर ट्रांसफॉर्मर फुंक जाता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही ट्रांसफाॅर्मर ठीक कराया जाएगा।