शाहजहांपुर। दो वर्ष तक छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ सोमवार को जनपद शाहजहांपुर के हाथी थान स्थित प्राथमिक स्कूल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी गौतम ने फीता काटकर किया। उन्होंने दवा की खुराक भी पिलाई, साथ ही लक्षित लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए।
डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि नवजात शिशुओं और बच्चों में होने वाली जानलेवा बीमारियों पोलियो, खसरा-रूबेला, रोटा वायरस, डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी आदि से बचाने के लिए संपूर्ण टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार नवजात शिशुओं और बच्चों को इन बीमारियों से बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इंद्रधनुष के सात रंगों को प्रदर्शित करने वाले इस मिशन का उद्देश्य है कि सभी बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करना है। यह अभियान तीन चरणों में चलाया जा रहा है।
दूसरा चरण चार अप्रैल से 11 अप्रैल तक चलेगा। सीएमओने बताया कि जनपद के सभी 15 ब्लॉक में मिशन इंद्रधनुष 4.0 के दूसरे चरण की शुरुआत कर दी गई है।इसके तहत जनपद में मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान के पहले चरण में 32 हजार 281 बच्चों तथा आठ हजार 752 गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित किया गया था। वही दूसरे चरण में 25 हजार 731 बच्चों तथा पांच हजार 816 गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें शून्य से दो साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। टीकों से बच्चे को 12 तरह की बीमारियों से निजात मिलेगी।
डॉ. गौतम ने लोगों से अपील की है कि अपने घर परिवार में कोई गर्भवती महिला एवं जन्म से लेकर दो वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। अभियान में ईट- भट्ठों और निर्माण साइटों पर रहने वाले परिवारों के टीकाकरण पर जोर दिया जाएगा, क्योंकि इन दोनों स्थानों पर रहने वाले परिवार एक से दूसरे जगह स्थानांतरित करते रहते हैं। इसलिए सामान्य अभियान के दौरान इनके छूटने की आशंका बनी रहती है। टीकाकरण न होने वाले या फिर आंशिक टीकाकरण वाले बच्चों को अभियान के तहत 12 तरह की बीमारियों से बचाने वाले टीके लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण कराकर उन्हें जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित करना हर माता-पिता का पहला कर्तव्य है। टीकाकरण से बच्चे सुरक्षित रहेंगे और बीमारियों पर होने वाले खर्च से भी बचेंगे। इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. कुमार गुंजन एसएमओ, डीएमसी हुदा जेहरा, डीपीएम इमरान खान, जिला स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सूचना अधिकारी कृष्ण मोहन, अर्बन कोआर्डिनेटर पुनीश आदि मौजूद रहे।