शाहजहांपुर। निगोही सीएचसी में मृत बच्ची पैदा होने पर परिजनों ने हंगामा किया। उन्होंने स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
निगोही थाना क्षेत्र के गांव चौढ़ेरा-चौढ़ेरी निवासी सुनील कुमार खेतीबाड़ी करते हैं। उन्होंने प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी कमलेश (25 वर्ष) को निगोही सीएचसी में भर्ती कराया था। कमलेश का यह दूसरा बच्चा था। प्रसव से पहले जांच कराने पर जच्चा-बच्चा स्वस्थ थे। रात में प्रसव होने पर डॉक्टर ने मृत बच्ची पैदा होने की जानकारी दी। जांच में सब ठीक होने के बावजूद ऐसा होने पर परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। सुनील ने बताया कि पुलिस के सामने स्टाफ ने तीन दिन पहले बच्ची के मरने की बात कही। हंगामा होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
दो हजार रुपये जमा कराए, जांचें भी बाहर से कराईं
पोस्टमॉर्टम हाउस पर आए सुनील ने बताया कि सीएचसी में स्टाफ ने दो हजार रुपये पहले ही जमा करा लिए थे। कहा था कि बाहर से दवा लानी होगी। साथ ही खून की जांच भी बाहर से कराने के लिए ढाई सौ रुपये लिए गए थे। तब भी बच्ची के उपचार में लापरवाही बरती गई। सुनील ने बताया कि स्टाफ को पहले ही स्पष्ट बताना चाहिए था, जिससे वह पत्नी को जिला अस्पताल लेकर आ जाते। लापरवाही के मामले की सीएमओ से भी शिकायत करेंगे।
-
मामले की जानकारी अभी नहीं हुई है। शिकायत आने पर मामले की जानकारी की जाएगी। नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. आरके गौतम, सीएमओ