पुवायां में कार में की गई तोड़फोड़। संवाद
- फोटो : udhampur news
पुवायां। स्कूल आते-जाते समय छात्रा का दो युवक लगातार पीछा कर रहे थे। छात्रा के जानकारी देेने पर चाचा ने युवकों को फटकारा और रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी तो युवकों ने अपने साथियों के साथ चाचा को घेर लिया और मारपीट करने के साथ ही कार में तोड़फोड़ कर दी।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी पुवायां के एक स्कूल में पढ़ती है। भतीजी के स्कूल आने-जाने के समय पुवायां कस्बा और निगोही के एक गांव निवासी दो युवक भतीजी का पीछा करते थे। भतीजी के जानकारी देने पर उन्होंने दोनों युवकों को फटकार लगाते हुए फिर भतीजी का पीछा करने पर रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी। इससे युवक रंजिश मानने लगे।
शुक्रवार दाेपहर वह कार से मोहम्मदी रोड बाइपास से शाहजहांपुर की ओर जा रहे थे। उनके साथ कार में दो लोग और थे। फ्लाईओवर के पास पहले से घात लगाए बैठे दोनों युवकों ने अपने पांच साथियों के साथ कार को घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर मारपीट करते हुए कार में तोड़फोड़ कर दी।
आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। कार्यवाहक थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।