तिलहर (शाहजहांपुर)। तिलहर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात लखनऊ–दिल्ली हाईवे पर ट्रक से टकराई कार में सवार थाना सदर बाजार क्षेत्र की गोविंदगंज स्थित रेलवे कॉलोनी निवासी साहिल (28) व मोहल्ला कटिया टोला निवासी उसका दोस्त ऋषभ बुरी तरह घायल हो गए। राजकीय मेडिकल कॉलेज में साहिल को मृत घोषित कर दिया गया। साहिल के पिता रामबदन रेलवे में बुकिंग इंचार्ज हैं।
हादसा बृहस्पतिवार रात करीब 10:45 बजे हुआ। बरेली से कार चलाकर साहिल व उसका दोस्त ऋषभ जैसे ही शिवशक्ति ढाबा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे धान से भरे ट्रक से उनकी कार टकरा गई। तेज रफ्तार होने के चलते कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। डॉक्टर ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। ऋषभ का उपचार चल रहा है। परिजनों ने बताया कि साहिल बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे अपने दोस्त ऋषभ के साथ कार से कुछ सामान लेने के लिए बरेली गया था।
रात करीब 9:30 बजे साहिल ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह घर लौट रहा है। आधे घंटे बाद मिली मौत की सूचना से उसके परिवार में कोहराम मच गया। हादसे को देख आशंका जताई जा रही है कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी साइड में चली गई, लेकिन पुलिस को वहां पर कोई भी प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बरेली में कर रहा था सिविल सर्विस की तैयारी
साहिल ने एमटेक किया था। मृतक के भाई अंशुल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे भाई साहिल से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद भाई का फोन नहीं लगा। बताया कि वह एसएससी जेई की परीक्षा के लिए तैयारी कर रहा था। पढ़ाई के लिए उसने बरेली में किराये पर मकान लिया था। वह भाई-बहन में सबसे बड़ा था। छोटा भाई अंशुल एलएलबी का छात्र तो छोटी बहन आलिया कक्षा तीन की छात्रा है। साहिल की मौत से उसके माता-पिता बेसुध हो गए। रेलवे में बुकिंग इंचार्ज के पद पर कार्यरत रामबदन मूलरूप से बलिया के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें ससुर की तेरहवीं में बलिया जाना था। इसके बावजूद बेटे को कार ले जाने से मना नहीं कर पाया।
कार के खुले एयरबैग भी नहीं बचा सके जान
परिजनों ने बताया कि रामबदन ने पांच माह पूर्व कार खरीदी थी। हादसे के बाद कार के एयरबैग खुले, लेकिन वे भी साहिल की जान नहीं बचा सके। कार बहुत बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। इससे साफ है कि वाहन काफी रफ्तार में होंगे। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने कार को हाईवे से हटवाकर साइड में कराया।
साहिल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन