शाहजहांपुर/ मदनापुर। जनपद में अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से बालिका समेत दो की मौत हो गई। पुलिस ने बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं बुजुर्ग के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मदनापुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कलां निवासी प्रमोद सिंह बुधवार सुबह अपने घर से बाहर निकले थे। उनके घर के बाहर बिजली का पोल लगा था। पोल के पास में अर्थिंग के तार में करंट आ रहा था। दिन में करीब दस बजे उनका हाथ तार से छू गया। इससे करंट लग गया। उनकी आवाज सुनकर परिजन दौड़कर आ गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई।
वहीं दूसरी तरफ गढ़ियारंगीन के गांव कल्यानपुर निवासी सात वर्षीय प्रिया को चाचा मनोज के घर से आते समय खंभे के अर्थिंग वाले तार से करंट लग गया। इससे वह बुरी तरह से झुलस गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीड़ित परिवार ने बिजली निगम के खिलाफ थाने पर तहरीर दी है।