रोजा में ब्लॉक के चलते खड़ी ट्रेन। स्रोत: जागरुक पाठक
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर। लखनऊ रेल मार्ग पर शाहाबाद और टोडरपुर रेलवे स्टेशन के बीच पटरियों पर मरम्मत कार्य के चलते बुधवार को दो घंटे का ब्लॉक लिया गया। इससे अप लाइन की ट्रेनों को शाहजहांपुर और रोजा रेलवे स्टेशनों पर रोक दिया गया। गर्मी के कारण ट्रेन में यात्री परेशान हो गए।
मरम्मत का कार्य दोपहर दो बजे से शुरू हुआ। इस बीच जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस को रोजा जंक्शन पर दोपहर 2:30 बजे रोक दिया गया। यह ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर एक घंटे तक खड़ी रही। इसी तरह 15910 लालगढ़ से चलकर गोवाहाटी जाने वाली अवध आसाम एक्सप्रेस को शाहजहांपुर स्टेशन पर रोका गया। गर्मी में ट्रेन रोके जाने से परेशान यात्री लोको पायलट और गार्ड के पास पहुंच गए। वहां से उन्हें ब्लॉक होने की जानकारी दी गई। इसी तरह कई मालगाड़ियों को भी अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। शाम को 4:10 बजे के बाद ब्लॉक समाप्त होने पर ट्रेनें रफ्तार पकड़ सकीं।
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत कार्य कराए जाने को लेकर ब्लॉक लिया गया। डाउन लाइन पर मशीनों के चलते ट्रेनों को रोका गया। हालांकि, कोई सवारी गाड़ी प्रभावित नहीं हुई है।