फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तकनीकी खराबी से ट्रांसफार्मर में लगी आग, चपेट में आई कार

विज्ञापन
शाहजहांपुर के मल्हार सिनेमा के पास रखा बिजली के ट्रांसफार्मर में लगी आग ।संवाद - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। मोहल्ला बाड़ूजई प्रथम में उस्मानबाग पुलिस चौकी के पास रोड के किनारे रखे ट्रांसफार्मर में सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर पास मे खड़ी एक कार भी जल गई। सूचना पाकर लाइन बंद कर दी गई और मौके पर पहुंची दमकल ने बमुश्किल आग पर काबू किया। बाद में ट्रॉली पर रखा मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर प्रभावित इलाके की बिजली आपूर्ति शुरू की गई।
विज्ञापन

मल्हार मोड़ पर 400 केवी का ट्रांसफार्मर लगा है। कनेक्शन बढ़ने पर यह ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर आए दिन खराब होने लगा तो उससे थोड़ा फासले पर 250 केवी क्षमता का एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया है। शाम को अचानक ट्रांसफार्मर की केबल गर्म होकर जलने लगीं। आसपास के दुकानदारों ने जब तक गोविंदगंज बिजली उपकेंद्र पर सूचना दी, ट्रांसफार्मर में भरा तेल जलने से ऊंची लपटें उठने लगी। इस दौरान ट्रांसफार्मर के पास खड़ी एक कार का पिछला हिस्सा भी लपटों की चपेट में आकर जल गया।
दमकल यूनिट के जवानों ने करीब 20 मिनट तक प्रयास करके आग बुझा दी, लेकिन तब तक ट्रांसफार्मर जलकर नष्ट हो चुका था। गोविंदगंज उपकेंद्र के प्रभारी अवर अभियंता जयंत कुमार ने लाइन स्टाफ के साथ मौके पर जाकर जला हुआ ट्रांसफार्मर हटवाया और वहां की लाइन ट्रॉली ट्रांसफार्मर से जोड़कर बिजली आपूर्ति शुरू कराई। आग लगने का कारण ओवरलोडिंग माना जा रहा है, लेकिन प्रभारी जेई ने क्षेत्र में ओवरलोडिंग से इनकार करते हुए कहा कि तकनीकी खराबी से हुए शॉर्ट सर्किट से ट्रांसफार्मर में आग लग गई।
विज्ञापन

जलालाबाद में आपात कटौती से बढ़ा संकट
जलालाबाद। नगर व ग्रामीण इलाकों में तीन दिन से बिजली की आपात कटौती से लोग परेशान हैं। नगर क्षेत्र में दस से 12 घंटे कटौती हो रही है, जबकि ग्रामीण इलाकों का हाल और भी बुरा है। दो से तीन घंटे की अनवरत कटौती रात और दिन दोनों समय में कई-कई बार की जा रही है। कटौती के बाद जैसे ही सप्लाई शुरू होती है, तब जर्जर तारों में होने वाले फॉल्ट को सही करने के नाम पर आपूर्ति रोक दी जाती है।
गांव सुजावलपुर के गंगादीन, बरुआरी निवासी सेवक, अलबेला के राघवेंद्र आदि ने बताया कि उनके गांवों में बिजली का हाल बहुत खराब है। ग्रामीणों ने बताया कि गांवों में कटौती के साथ लो वोल्टेज की भी समस्या है। इस संबंध में विभाग के एसडीओ से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मोबाइल काल रिसीव नहीं की। संवाद
तिलहर में सुबह से ठप रही बिजली आपूर्ति
तिलहर। क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सोमवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे गुल हो गई। शाम सात बजे तक सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी। बिजली आपूर्ति ठप होने से भीषण गर्मी में लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग पानी के लिए भी परेशान रहे। विद्युत निगम के अवर अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि सप्लाई न मिलने की वजह से आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उपखंड अधिकारी सौरभ शाक्य ने बताया कि शाहजहांपुर से ही सप्लाई यहां नहीं मिल पा रही है। सही कारण का पता नहीं चल पा रहा है। रोस्टरिंग भी लगातार बढ़ाई जा रही है। अधिशासी अभियंता अशोक यादव ने बताया कि नार्दन ग्रिड में कुछ खराबी बताई जा रही है जिसके कारण सप्लाई बाधित हो रही है। संवाद
पुवायां में पूरे दिन गुल रही बिजली
पुवायां। पुवायां में इन दिनों बिजली कटौती चरम पर है। सोमवार को दिन में करीब साढ़े 11 बजे बिजली गुल हो गई। रोजाना साढ़े 11 से साढ़े 12 बजे तक बिजली कटौती होती है। लोगों को उम्मीद थी कि बिजली रोजाना की तरह आ जाएगी, लेकिन बिजली शाम को चार बजे के बाद आई। भीषण गर्मी में बिजली के गुल रहने से लोग परेशान हो उठे। तमाम लोगों ने बिजली उप केंद्र पर संपर्क किया, लेकिन उनको बिजली गायब रहने का सही जवाब नहीं मिल सका। चार बजे के बाद बिजली आने के बाद रात आठ बजे तक चार से पांच बार ट्रिपिंग हुई। इस दौरान दस मिनट से लेकर आधे घंटे से बिजली गुल रही। एसडीओ रामाशंकर ने बताया कि बड़ागांव बिजली उप केंद्र से ही बिजली नहीं मिल सकी, जिस कारण स्थानीय स्तर पर भी सप्लाई बंद रही। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें