शाहजहांपुर। होली पर घर आने-जाने के लिए ट्रेनों में जगह मिलना मुश्किल हो गया है। रेल प्रशासन ने अभी तक होली स्पेशल ट्रेन चलाने की कोई घोषणा भी नहीं की है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस वर्ष 18 मार्च को होली का पर्व मनाया जाएगा। दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा जैसे शहरों में जाकर काम करने वाले लोग होली-दिवाली जैसे त्योहारों को अपने घर, परिवार के साथ मनाते हैं। होली पर अपने घर आने-जाने के लिए लोगों ने ट्रेन में रिजर्वेशन कराना शुरू कर दिया है। बहुत से लोगों ने पहले से ही रिजर्वेशन करा लिए हैं। लेकिन अभी भी कई लोग हैं, जो रिजर्वेशन नहीं करा पाए हैं। अब उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसी ट्रेन में रिजर्वेशन ही नहीं मिल पा रहा।
सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि लखनऊ-दिल्ली रूट पर एक दर्जन से अधिक ट्रेनें हैं, लेकिन 16, 17 व 18 मार्च में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा। लखनऊ मेल, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, महामना एक्सप्रेस, आनंद विहार एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में 100 के ऊपर वेटिंग चल रही है। रेल प्रशासन ने अभी तक होली स्पेशल चलाने की कोई घोषणा नहीं की है। होली के आसपास स्पेशल ट्रेन चल सकती है।
वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन टिकट बुक कराने में यदि एक नंबर भी वेटिंग है तो यात्री को ट्रेन में सफर करने की इजाजत नहीं है। यात्री को बिना टिकट ही माना जाएगा। रेलवे काउंटर से वेटिंग टिकट होने पर ही यात्रा की जा सकती है।