मीरानपुर कटरा। सरयू-यमुना एक्सप्रेस पर सवार बिहार के यात्री को शनिवार को तड़के करीब 4:30 बजे बदमाशों ने ट्रेन से गिराकर बुरी तरह पीटा और मोबाइल व नकदी लूटकर भाग गए। रेलवे लाइन के किनारे बेहोश मिले यात्री को सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
वैशाली (बिहार) के सराय थानांतर्गत पावरा कोरा गांव के मुन्ना कुमार गांव के ही रहनेवाले भतीजे हीरालाल, पंचानन और मुकेश कुमार के साथ सरयू-यमुना एक्सप्रेस से पंजाब के अंबाला शहर की फैक्टरी में काम करने जा रहे थे। सफर के दौरान मुन्ना कुमार बोगी के दरवाजे के पास खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पौकी गांव के सामने ट्रेन पहुंचने पर मुन्ना को बदमाशों ने डंडा मार कर नीचे गिरा लिया।
मौनी बाबा आश्रम के सामने ट्रेन से नीचे गिरे मुन्ना के साथ बदमाशों ने मारपीट करते हुए उनसे स्मार्टफोन एवं 3000 रुपये छीन लिए। वारदात होने पर उनके साथी चेन पुलिंग करके ट्रेन से नीचे उतर गए। साथियों के शोर मचाने पर बदमाश गम्भीर रूप से घायल मुन्ना को बेहोशी की हालत में रेलवे लाइन किनारे पड़ा छोड़कर भाग गए।
गम्भीर रूप से घायल मुन्ना को उनके साथियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। हालत गम्भीर होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मुन्ना के भतीजे ने बताया कि घटना के बाद ट्रेन से उतरने के कारण उनका सामान सरयू यमुना एक्सप्रेस की बोगी में ही छूट गया।
स्टेशन अधीक्षक मो. हनीफ ने बताया कि शनिवार की सुबह साढ़े चार बजे अपलाइन पर जा रही सरयू यमुना एक्सप्रेस में चेन पुलिंग के बाद पीछे से आई आनंद बिहार एक्सप्रेस को 20 मिनट के लिए मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन पर रोक कर बाद में आगे निकाला गया।