शाहजहांपुर। पूर्वोत्तर रेलवे की शाहजहांपुर-पीलीभीत लाइन को जोड़ने के लिए 22 से 28 जुलाई तक प्री नॉन इंटरलॉकिंग, नॉन इंटरलॉकिंग और यार्ड रिमॉडलिंग का काम होना है। उससे पहले बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक व वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक समेत कई मंडलीय अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश ने मुरादाबाद द्वारा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल अभियंता तृतीय, वरिष्ठ मंडल संकेत व दूरसंचार अभियंता (सी), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी) के साथ मुरादाबाद से शाहजहांपुर स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। सभी मंडलीय अधिकारी सुबह 10:30 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। कुछ देर रुकने के बाद सभी आंझी शाहाबाद रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए।
दोपहर करीब 1:30 बजे सभी मंडलीय अधिकारी वापस शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन आए। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों संग बैठक कर दिशा निर्देश दिए। इसके बाद शाहजहांपुर स्टेशन पर 22 से 28 जुलाई तक होने वाले प्री एनआई, एनआई (नॉन इंटरलॉकिंग) तथा यार्ड रिमॉडलिंग के कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर प्वाइंट चेक किए, वीआईपी रूम गए। इस बीच स्टेशन अधीक्षक एके गौतम से यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। दोपहर बाद 3:30 बजे डीआरएम व अन्य अधिकारी वापस मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए।
इस मौके पर सीएमआई मनोज सिंह, स्टेशन अधीक्षक एके गौतम, स्वास्थ्य निरीक्षक त्रिलोक चंद, डॉ. संजय राय, डॉ. माथुर, रेल पथ निरीक्षक हरगोविंद, सेक्शन इंजीनियर विद्याराम आदि मौजूद रहे।
आंझी शाहबाद में रैक की लोडिंग-अनलोडिंग को विकसित होगी चार नंबर लाइन
बुधवार को अपनी विशेष कार से शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण आए मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश ने आंझी शाहबाद (एजेआई) स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया गया। आंझी शाहाबाद स्टेशन पर एक पूरी रैक की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए लाइन नंबर चार को पीपीपी मॉडल से गुड्स शेड के तौर पर विकसित करने के उद्देश्य से किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा करने के साथ संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देशित किया।