पुवायां। गाली गलौज का विरोध करने पर दो लोगों को पीटकर घायल कर दिया गया। इस दौरान सोने की दो लर भी कहीं गिर गईं। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एक अन्य मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की खुन्नस में युवक को हाकी से पीटकर घायल कर दिया गया।
गांव मोहनपुर निवासी रवि सिंह ने पुलिस को बताया कि 18 जुलाई की शाम वह अपने साथी गांव के ही हरिभान सिंह के साथ पुवायां से घर जा रहे थे। गांव ढकिया खुर्द के पास गांव सकरापुर के कलीम और ढकिया खुर्द के चांद मियां, आसिफ, इसरायल, साहिम, परवेज ने अपने साथियों के साथ आकर उनको घेर लिया और गाली गलौज करने लगे। मना करने पर उसकी और हरिभान की लाठी, डंडों से पिटाई कर दी।
पिटाई के दौरान हरिभान सिंह के गले से सोने की दो लर टूट कर गिर गई, जो काफी तलाश करने के बाद भी नहीं मिल सकीं। पुलिस को सूचना देने पर दोनों लोगों का मेडिकल हुआ। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उधर एक अन्य मामले में पुवायां के मोहल्ला छावनी निवासी मनीष अवस्थी ने पुलिस को बताया कि उनकी ओर से चिट फंड कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसकी विवेचना सीबीसीआईडी लखनऊ की ओर से की जा रही है। कई आरोपी गिरफ्तार भी हो चुके हैं और कई के खिलाफ विवेचना चल रही है। इस मामले में पुवायां निवासी सचिन गुप्ता ने मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया।
15 जुलाई को बस स्टैंड से घर जाते समय सचिन और उनके भाई ने उनको घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हाकी से प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।