कांवड़ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से जलालाबाद में शुक्रवार रात से मार्गों पर डायवर्जन लागू हुआ। फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर जाने वाले वाहन बरेली हाईवे से मीरानपुर कटरा भेजे जा रहे हैं। शाहजहांपुर और बरेली से फर्रुखाबाद जाने वाले वाहन याकूबपुर तिराहे पर रोके गए हैं। यह व्यवस्था मंगलवार सुबह तक जारी रहेगी।
शाहजहांपुर में सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से रूट डायवर्जन की तयशुदा व्यवस्था शुक्रवार से फिर लागू कर दी गई। इसके तहत फर्रुखाबाद की तरफ से आने और शाहजहांपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को याकूबपुर तिराहा से बरेली हाईवे होकर मीरानपुर कटरा की ओर भेजा गया। इसी तरह शाहजहांपुर और बरेली से फर्रुखाबाद जाने वाले वाहनों को याकूबपुर तिराहे पर रोक दिया गया। डायवर्जन की यह व्यवस्था मंगलवार सुबह तक लागू रहेगी।
विज्ञापन
खास यह रहा कि सरकारी बसों पर डायवर्जन लागू नहीं किया गया और उनका संचालन पहले की तरह ही होता रहा। शाहजहांपुर हाईवे पर बसों व अन्य चार पहिया छोटे वाहनों के लिये डिवाइडर के दाहिनी तरफ और कांवड़ियों के आने-जाने को बाई लेन सुरक्षित रखी गई। डायवर्जन का पालन कराने को फर्रुखाबाद हाईवे पर बझेड़ा चौराहा और कोला मोड़ तथा शाहजहांपुर हाईवे पर याकूबपुर तिराहे से लेकर उबरिया मंदिर तक कई स्थानों को हादसों के लिहाज से संवेदनशील मानते हुए वहां सिपाहियों की तैनाती की गई।
जलाभिषेक के लिए गंगा जल लेने जाने वाले और घाटों से गंगा जल की कांवड़े भरकर लाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे और शाहजहांपुर हाईवे पर हर-हर महादेव का उद्घोष गूंजने लगा है। शनिवार को सुबह से ही गोला जाने वाले कांवड़ियों के जत्थे निकलना शुरू हो गए और यह क्रम देर शाम तक जारी रहा।