पुवायां। किशोरी से देह व्यापार कराने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को पकड़ा है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। पता चला है कि पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आए हैं, जो किशोरी से दुष्कर्म में शामिल रहे हैं।
पूरनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की पत्नी की मौत हो जाने के बाद वह अपनी पुत्री के साथ पुवायां के एक गांव में महिला के साथ आकर रहने लगा है। इस समय उसकी पुत्री की आयु 16 वर्ष है। किशोरी का आरोप है कि उसके पिता भूसा बनाने वाली मशीन पर काम करने चले जाते हैं और कई महीने बाद लौटते हैं। पिता की महिला मित्र ने एक वर्ष पूर्व उसे सिंधौली के गांव ले जाकर एक घर में बंद कर दिया था और सिंधौली की महिला की मदद से उसको जान से मार देने की धमकी देकर देह व्यापार कराना शुरू कर दिया।
किशोरी 29 अप्रैल को पुवायां के एक मकान से मौका पाकर भाग निकली थी और थाने जाकर बताया था कि पिता की महिला मित्र, सिंधौली की एक महिला और पुवायां की एक महिला मिलकर उससे एक वर्ष से देह व्यापार करा रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। पुलिस ने किशोरी की ओर से तीन महिलाओं को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार को तीन महिलाओं और कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। देर शाम तक पूछताछ जारी थी। सीओ बीएस वीर कुमार ने बताया कि नामजद महिलाओं की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। कुछ लोगों से पूछताछ चल रही है।