मीरानपुर कटरा के फीलनगर गांव में चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
मीरानपुर कटरा। फीलनगर गांव में बृहस्पतिवार रात तीन मकानों के ताले तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। चोरों ने भाजपा नेता के मकान को भी निशाना बनाया। शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
पप्पू की पत्नी शहाना बेगम ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ शाहजहांपुर गई थी। रात में चोरों ने कमरे के ताले तोड़कर संदूक से सोने के झुमके, चेन, अंगूठी, चांदी की आभूषण व 1500 रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोर आधार कार्ड भी चोरी कर ले गए। ग्रामीणों के जरिये घटना की जानकारी हुई।
दूसरी ओर रामलखन की पत्नी रिंकी देवी ने बताया कि वह परिवार के साथ बदायूं गईं हुई थीं। पीछे चोरों ने ताले तोड़कर संदूक से एक हजार रुपये की नकदी, चांदी के बिछिया चोरी कर लिए। घर आने पर चोरी की घटना की जानकारी हुई। इसी क्रम में चोरों ने भाजपा नेता शुभम सक्सेना के दूसरे बंद पड़े मकान के ताले भी तोड़ दिए, लेकिन उन्हें वहां कुछ नहीं मिला। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगलकिशोर पाल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है।