शाहजहांपुर/कांट। राज कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी पर आरोप लगाने वाली पीड़िता का मंगलवार को पूरे दिन पुलिस इंतजार करती रही, लेकिन वह नहीं आई। पुलिस उसे दोबारा से नोटिस भेजकर न्यायालय में बयान देने के लिए बुलाएगी।
28 दिसंबर को आरसीएल कंपनी की महिला कर्मचारी ने प्रबंध निदेशक मनोज यादव व उनके बेटे पर मुकदमा दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए थे। दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि मैनपुरी निवासी मनोज यादव ने उसे होटल में बुलाने का दबाव डाला। इन्कार करने पर फोन पर अश्लील वीडियो भेज दिया। हिसाब दिखाने के बहाने कमरे में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत की। आरोपी के बेटे से शिकायत करने पर इस्तीफा लिखवा लिया।
नोटिस भेजने के बाद पीड़िता शनिवार को चिकित्सीय परीक्षण कराने के लिए आई थी। उसके बाद सोमवार को न्यायालय में बयान देने आने की बात कही थी। सोमवार को पुलिस ने उससे संपर्क साधने का प्रयास किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। मंगलवार को पूरे दिन इंतजार के बाद भी नहीं आई। कांट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि पीड़िता को बयान देने के लिए नोटिस भेजा जाएगा।