शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को दोपहर धूप निकलने से मौसम सामान्य होने के बाद मंडी चौक में उमड़ी खर?
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। चार दिन बाद बृहस्पतिवार को दोपहर कोहरा और बादलों की चादर चीरकर धूप जमीन पर उतरी तो सर्दी से बेहाल जनजीवन को काफी हद तक राहत मिल गई। हालांकि, दिन की शुरुआत कोहरा और धुंध में लिपटी ठिठुरन भरी सुबह से हुई। दस बजे तक धूप निकलने के आसार नहीं दिखे, लेकिन बाद में धीरे-धीरे मौसम सामान्य हुआ तो जनजीवन पटरी पर लौटने लगा। इसी के साथ सड़कों पर रौनक लौट आई और शहर के बाजारों में खरीदारों की भीड़ भी बढ़ने लगी।
रात में कोहरा छाए होने और मध्यम गति से उत्तर-पश्चिम दिशा से शीतलहर चलने के कारण न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री घटकर आठ डिग्री सेल्सियस रह गया, लेकिन दिन में 11 बजे के बाद धूप ने तेजी पकड़ी तो अधिकतम तापमान पांच डिग्री बढ़कर 17.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। कई दिन बाद धूप निकली तो सर्दी से बेहाल जनजीवन ने उसे हाथों-हाथ लिया। घरों में कपड़ों की धुलाई और लिहाफों को धूप दिखाने का काम सुबह से शाम तक चला। घर-ग्रहस्थी की वस्तुएं खरीदने को लोगों में घरों से निकलने की होड़ लगी तो बाजारों में भीड़ बढ़ गई।
चौक मंडी में शुक्रवार बाजार बंदी को मिशन तिराहा मार्ग के फुटपाथ पर सजने वाली तमाम दुकानें एक दिन पहले लग गईं और लोगों ने वहां से गर्म कपड़ों, स्वेटर आदि की खूब खरीदारी की। हालांकि, दिन ढलने की शुरुआत होने के साथ सर्दी फिर से बढ़ने लगी। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैैैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बैरोमीटर सूचकांक सुबह से वायुदाब में भारी कमी का संकेत दे रहा है। उनका कहना है कि देर रात तक वायुदाब में सुधार नहीं होने की दशा में शुक्रवार को सुबह से कोहरा के साथ बादल घिरे रहेंगे और दिन में बूंदाबांदी होने के हालात बन सकते हैं।
शाहजहांपुर में बृहस्पतिवार को सुबह रेलवे स्टेशन पर छाया घना कोहरा। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR