फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: गौतम और समीर में झगड़े की जड़ बनी युवती को जांच में शामिल करेगी पुलिस

विज्ञापन
कांट के गांव कमलनैनपुर में गौतम के पिता से वार्ता करते आंवला सांसद नीरज मौर्य। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। कांट के कमलनैनपुर गांव में गौतम मौर्य की हत्या के मामले में नई परतें खुल रही हैं। क्षेत्र की एक युवती की गौतम और समीर से बात होती थी। वारदात से पहले ही युवती को हत्या की योजना की काफी जानकारी थी। पुलिस युवती के बयान दर्ज कर उसे जांच में शामिल करेगी। वारदात में किसी प्रकार की भूमिका मिलने पर उसे आरोपी भी बनाया जा सकता है।
विज्ञापन

कमलनैनपुर गांव के रहने वाले गौतम मौर्य की 31 जुलाई की रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि नामजद समीर ने अपने पिता लियाकत, भाई तदीम व चचेरे भाई राजा की मदद से यह घटना की। गिरफ्तार होने पर समीर ने बताया था कि गौतम उसके परिवार की एक लड़की के फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर डाल रहा था। हटाने के लिए कहने के बावजूद न मानने पर उसकी हत्या कर दी थी।
वहीं, पुलिस की जांच में एक अन्य युवती का नाम भी प्रकाश में आ रहा है, जिससे गौतम और समीर दोनों की बात होती थी। उसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि हत्या किए जाने की बात युवती को पहले से मालूम थी, मगर उसने किसी को आगाह नहीं किया। पुलिस गौतम और समीर के मोबाइल फोन की जांच कर सभी साक्ष्य संकलित कर रही है। गौतम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कह रहा है कि उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है, लोग इंस्टाग्राम पर कमेंट कर उसे धमका रहे हैं। संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
विज्ञापन


जांच में एक अन्य युवती का नाम सामने आ रहा है। पुलिस उसे साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल करेगी। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
- सौरभ दीक्षित, एसपी

समीर और उसके चाचा पर बिजली के आठ लाख बकाया, मीटर होगा जब्त
शाहजहांपुर। गौतम मौर्य हत्याकांड के आरोपी समीर के पिता लियाकत व उसके चाचा मोहम्मद शमीम पर बिजली निगम का करीब आठ लाख रुपये बकाया है। नगर पंचायत की ओर से बुलडोजर एक्शन का नोटिस चस्पा होने के बाद बिजली निगम भी कनेक्शन काटकर मीटर जब्त करेगा। धनराशि की वसूली के लिए आरसी जारी की जाएगी।
कांट नगर पंचायत ने आरोपी के नियम विरुद्ध तरीके से बने मकान को ढहाने के लिए 12 अगस्त तक का समय दिया है। बिजली निगम ने समीर के पिता लियाकत और शमीम के कनेक्शन की पड़ताल की तो दोनों पर आठ लाख रुपये बकाया निकला। दोनों कनेक्शनधारकों को करीब चार महीने पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन बिजली का बिल अदा नहीं किया। संभावना है कि कनेक्शन के बाद से बिजली का बिल जमा नहीं किया है। बुधवार को कनेक्शन हटाए जाने की प्रक्रिया की जाएगी। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अनिल मिश्रा ने बताया कि उपभोक्ता के घरों से मीटर उखाड़े जाएंगे, साथ ही कनेक्शन भी कट करेंगे। राजस्व वसूली के लिए आरसी जारी कराई जाएगी। संवाद
-
गौतम के परिजनों से मिले सांसद नीरज मौर्य

कांट। आंवला से सपा सांसद नीरज मौर्य मंगलवार को गौतम मौर्य के घर पहुंचे। उन्होंने पिता चंद्रपाल से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया। सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। सरकार एक करोड़ का मुआवजा और परिवार को रोजगार मुहैया कराए। उन्होंने कहा कि आरोपियों को फांसी की सजा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से मुकर रही है। सत्ता पक्ष कभी धरना-प्रदर्शन नहीं करता। उन्होंने यह भी कहा कि असली आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मीडिया पुलिस पर दबाव बनाए। पूरी समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। इस मौके पर पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरज मिश्रा, लखन प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, गंगानगर निवासी प्रगतिशील किसान कौशल मिश्रा ने भी गौतम मौर्य के घर पहुंचकर पिता चंद्रपाल व परिवार से भेंटकर दुख साझा किया।
-

मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख का चेक सौंपा
कांट। विधायक अरविंद सिंह ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव कमलनैनपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये का चेक गौतम मौर्य के माता-पिता को दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द परिवार के व्यक्ति को नगर पंचायत में आउटसोर्सिंग पर नौकरी दिलाई जाएगी। दो सौ गज में सरकारी आवास और अंत्योदय कार्ड के साथ आयुष्मान कार्ड प्रदान किया जाएगा। विधायक ने गौतम के पिता चंद्रपाल से कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ हर समय खड़े रहेंगे। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसडीएम प्रभात राय, विमल सिंह, हरजीत चौहान मौजूद रहे। संवाद

कांट के गांव कमलनैनपुर में गौतम के पिता से वार्ता करते आंवला सांसद नीरज मौर्य। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें