शाहजहांपुर। तिलहर में आयोजित समर कप-2026 क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में शाहजहांपुर किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेनेसां क्रिकेट अकादमी की टीम को तीन विकेट से हरा दिया।
रेनेसां स्कूल परिसर में खेले गए मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रेनेसां क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में चार विकेट खोकर 171 रन बनाए। यश गंगवार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 और अर्जुन ने 38 रनों का योगदान दिया। शाहजहांपुर किंग की ओर से यश यादव ने दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाहजहांपुर किंग की टीम ने सात विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। टीम के लिए आदित्य ने 71 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अमोल यादव ने 25 रन बनाए। रेनेसां क्रिकेट अकादमी की ओर से अनस ने तीन विकेट लिए। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए आदित्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जिला ओलंपिक संघ ने बांटी मिठाई
शाहजहांपुर। ओलंपिक संघ की ओर से परमवीर चक्र विजेता नायक जदुनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के शानदार प्रदर्शन और वर्ष 2030 में खेलों की मेजबानी मिलने पर मिठाई बांटी गई।
ओलंपिक संघ के जिला सचिव नरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि 56 देशों की 74 टीमों के बीच भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी एसपी बमनिया ने कहा कि सरकार की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विनय गुप्ता, देवेश वाजपेयी, रविंद्र प्रजापति, रामप्रसाद, पंकज सक्सेना, अजयपाल, शकील, इरफान, मुजाहिद, सचिन प्रेमी आदि मौजूद रहे। संवाद