शाहजहांपुर। बाइक का इंडिकेटर टूटने पर छोटे भाई सोनू की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या करने के आरोपी डब्लू को पुलिस की टीमें तलाशती रह गई और उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी को रोजा पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
रोजा के गांव हेतमपुर में 28 जून की रात में सोनू और बड़े भाई बबलू सिंह उर्फ डबलू का आपस में विवाद हो गया। परिजन के अनुसार, सोनू से बाइक का इंडिकेटर टूट गया। अगले दिन तड़के करीब तीन बजे आरोपी ने छोटे भाई सोनू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसकी बाइक को रोजा स्टेशन से बरामद किया था।
आरोपी की तलाश में एसओजी समेत तीन टीमें लगाई गईं थीं। पुलिस ने डबलू की ससुराल हरदोई में छापा मारा। टीमें लखनऊ, दिल्ली और गुड़गांव तक गईं। उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस सेल समेत सारे तंत्र का उपयोग किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि मंगलवार को आरोपी डबलू सिंह ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। उसे जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया जाएगा।