शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके की अजीजगंज चौकी पर बिरियानी का ठेला लगाने वाले की पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसे कोतवाली चौकी इंचार्ज ठेले से पीटते हुए चौकी पर ले गए। यहां जूतों और डंडों से जमकर पीटा। आरोप है कि नाखून उखाड़ने की कोशिश भी की गई। वहीं, चौकी प्रभारी ने पिटाई किए जाने से इन्कार किया है।
थाना कांट क्षेत्र के गांव खपटी निवासी रामू ने एसपी को दिए पत्र में बताया कि वह बरेली मोड़ चौराहे पर वेज बिरियानी का ठेला लगाता है। उसके पास नितिन नाम का लड़का काम करता है। नितिन का नाम किसी घटना में सामने आया था। शनिवार को कोतवाली चौकी प्रभारी भूपेंद्र राणा उसके पास आए और नितिन का पता पूछने लगे।
रामू ने नितिन का मोबाइल नंबर और घर का पता बता दिया। आरोप है कि इसके बाद भी दरोगा ने उसे गालियां दीं। फिर ठेले से घसीटते हुए अजीजगंज चौकी ले गए। यहां जूतों और डंडों से जमकर पीटा। आरोप है कि 3200 रुपये ले लिए और मोबाइल भी तोड़ दिया। पीड़ित ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
उधर दरोगा भूपेंद्र राणा ने बताया कि रामू के साथ नितिन काम करता था। नितिन की पिटाई से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। रामू से पूछताछ करने के लिए ले गए थे। पिटाई के आरोप निराधार हैं।