कांट। क्षेत्र के गांव जश्नपुर में बाग में मिले अधजले शव के मामले में पुलिस के हाथ 72 घंटे के बाद भी खाली हैं। मुख्य मार्ग और गांव में कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर घटना के खुलासे के लिए प्रयास तेज किए हैं।
बरेंडा गांव के शफी मोहम्मद के बाग में शुक्रवार को अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिला था। चेहरा जल जाने की वजह से शव की पहचान नहीं हो सकी थी। हालांकि एक हाथ जलने से बच गया था। घटना के बाद एसपी राजेश द्विवेदी ने मौके का निरीक्षण कर पहचान कराकर जल्द ही खुलासे के निर्देश दिए थे। घटना के 72 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी हैं। हल्का इंचार्ज परमीत के अनुसार, ग्रामीण भी इस संबंध में कुछ बताने के लिए तैयार नहीं हैं। इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि गांव के रास्ते व मुख्य मार्ग पर कुछ स्थानों पर कैमरे लगे हैं। उसकी फुटेज देखी गई है। खुलासे के लिए टीमें प्रयास कर रही हैं। संवाद