शाहजहांपुर। ट्रेन में अकेले यात्रा कर रही 11 वर्षीय बालिका को आरपीएफ ने चाइल्ड केयर के सुपुर्द कर दिया है। बालिका का परिवार औरैया में रहता है। पूछताछ में बालिका ने इसकी जानकारी दी।
बृहस्पतिवार की रात बारह बजे के बाद मुरादाबाद के वाणिज्य नियंत्रण कक्ष से आरपीएफ को जानकारी मिली कि गाड़ी संख्या 12429 के टीटीई आरसी शाहू को कोच संख्या ए-4 में सीट नंबर 45 पर लखनऊ से नई दिल्ली के बीच एक 11 वर्षीय लड़की बिना टिकट यात्रा करते मिली है। शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर आरपीएफ शाहजहांपुर के एएसआई विजय कुमार शर्मा, कांस्टेबल दिनेश पटेल व कांस्टेबल रेशु रानी ने बालिका को ट्रेन से उतार लिया।
मुख्य टिकट निरीक्षक राजेश चंद्र साहू ने बालिका को आरपीएफ की सुपुर्दगी में दे दिया। इसके बाद बालिका के संबंध में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1095 पर जानकारी दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन के आरपीएफ थाना पहुंचने पर बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद बालिका को चाइल्ड लाइन के सदस्य मंजुल कुमार और मृदुल लता गुप्ता के सुपुर्द किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि ट्रेन में मिली 11 वर्षीय बालिका का नाम अंशी पुत्री एमएम राजपूत, पता ग्राम बल्लापुर थाना अजीतमल जिला औरैया है। परिजनों से संपर्क कर बालिका के संबंध में जानकारी दी गई है, उनके आने तक उसको चाइल्ड केयर की निगरानी रखा जाएगा।