पुवायां तहसील परिसर में बनी पानी की टंकी की खुली सीढियां
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। तहसील परिसर में पेयजल सप्लाई के लिए टंकी बनी है। टंकी की साफ सफाई के लिए ऊपर तक सीढ़ियां भी बनी हैं, लेकिन नीचे गेट न होने के कारण आए दिन लोग टंकी पर चढ़कर समस्या के समाधान की मांग करने लगते हैं। इससे पुलिस, प्रशासन की दिक्कत बढ़ने के साथ ही अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है। टंकी के ऊपर चढ़ने के लिए प्रशासन की ओर से सीढ़ियां बंद करने का कोई प्रबंध नहीं किया है।
लोग टंकी पर चढ़ते हैं तो अधिकारी जल्द ही सीढ़ियों पर गेट लगवाने की बात करते हैं। बाद में कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। 21 अप्रैल को खुटार के गांव महोलिया की एक महिला टंकी पर चढ़ गई थी और भाई को झूठे मामले में फंसाने की जांच की मांग कर रही थी। यही महिला एक बार पहले भी टंकी पर चढ़ चुकी थी।
महिला को टंकी से उतारा गया तो उसे मानसिक मंदित बताकर घर भेज दिया था। चार जून को गांव महाऊ महेश निवासी श्यामपाल और उनका पुत्र जितेंद्र जमीनी विवाद के मामले को लेकर टंकी पर चढ़ गए थे, लेकिन गेट नहीं लगवाया गया है।
तहसील परिसर में टंकी की सीढ़ियों पर गेट लगाकर स्थायी व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे कोई भी टंकी पर न चढ़ सके। टंकी पर चढ़कर कोई मांग रखना गलत है। - सुशांत श्रीवास्तव, एसडीएम पुवायां