शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे में शहर के करीब ढाई हजार लोगों को पात्र पाया गया है। इन सभी को केंद्रीय बजट में 80 लाख प्रधानमंत्री आवास देने के प्रावधान का मिल सकता है।
केंद्र सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को बजट पेश किया था। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 80 लाख घर देने की घोषणा की है। ये घर उन सभी लोगों को मिलेंगे, जोकि सर्वे में पात्र पाए जाएंगे। शहर में ऐसे करीब 2500 लोग हैं, जोकि सर्वे में पात्र पाए गए हैं। बजट में इसके लिए फंड के प्रावधान का इंतजार किया जा रहा था। अब जब केंद्रीय बजट में 80 लाख प्रधानमंत्री आवास देने का प्रावधान कर दिया गया है, तो आने वाले समय में सभी पात्र लोगों का इंतजार खत्म होने की उम्मीद जग गई है।
शहरी विकास अभिकरण (डूडा) के जिला परियोजना अधिकारी अतुल पाठक ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में शहरी क्षेत्र के 22010 पात्रों के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। इनमें 13500 लोगों के खातों में धनराशि भेजी भी जा चुकी है। शेष 7500 पात्रों को जल्द ही धनराशि प्राप्त हो जाएगी। इनके अलावा 2500 लोग सर्वे में पात्र गए हैं। इनकी डीपीआर तैयार कराई जा रही है। यह सभी पात्र केंद्रीय बजट में 80 लाख प्रधानमंत्री आवास के तहत लाभान्वित हो सकेंगे।