जैतीपुर। गैंगस्टर के तहत कुर्क की गई कृषि भूमि पर गेहूं की फसल बोने की शिकायत पर लेखपाल विनय कुमार की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही गेहूं की फसल को ट्रैक्टर से जोतवा दिया गया।
लेखपाल विनय ने बताया कि डीएम के आदेश पर आठ अक्तूबर को कुर्की की कार्रवाई की गई थी। सदर बाजार थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कुर्की के समय भूमि पर बाजरे की फसल खड़ी थी। हाल ही में क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने कुर्क की गई जमीन का निरीक्षण किया।
इस दौरान पाया कि बाजरे की खड़ी फसल को काटकर गेहूं की फसल की बोआई कर दी गई है। पूछताछ में पता चला कि अली अकबरपुर नावदा के उपेंद्र सिंह ने श्रीपाल निवासी खिरिया लालपुर बड़ा गांव के साथ मिलकर सरकारी घोषणा बोर्ड को हटाकर बाजरे की फसल काटी और जमीन जोतकर गेहूं बो दिया।
उन्होंने बताया कि बोई गेहूं की फसल ट्रैक्टर से जोतवाकर नष्ट करा दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव त्यागी ने बताया कि राजस्व विभाग की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। संवाद