खुटार (शाहजहांपुर)। गांव हंसपुर निवासी बाबूराम की पत्नी शीला देवी ने एक किसान पर उसे घर में घुस कर पीटने और बाल पकड़कर घसीटने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
शीला देवी ने पुलिस को बताया कि उनके पति बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। वह बच्चों के साथ घर पर रहती है। गांव के ही एक किसान का उनके घर के पास खेत है। शीला देवी का आरोप है कि 28 फरवरी को उनके बच्चे ने किसान के खेत में शौच कर दिया था। मंगलवार सुबह किसान उसके घर में घुस आया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसे बुरी तरह पीटा।
इसके बाद किसान उसके बाल पकड़कर घसीटते हुए खेत में ले गया। जबरन शौच हटाने के लिए प्रताड़ित किया। महिला ने शौच हटाने से इनकार किया तो खेत पर भी उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस बीच मौके पर भीड़ लग गई और किसी ने पिटाई का वीडियो भी बना लिया।
शीला देवी ने किसान को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह बंडा में शिवबरात में ड्यूटी पर थे। इस तरह की तहरीर की जानकारी नहीं है। तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
ऐसी किसी तहरीर की जानकारी नहीं है। जानकारी कराई जाएगी। घटना हुई है और तहरीर दी गई है तो कार्रवाई की जाएगी। - बीएस वीरकुमार, सीओ पुवायां