ग्राम जमालपुर में ग्रामीणों के साथ कांबिंग करती वन विभाग की टीम। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। विकासखंड भावलखेड़ा के गांव जमालपुर में तेंदुआ की लगातार दस्तक के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। तेंदुआ को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाने के साथ-साथ पांच सदस्यीय टीम के द्वारा ग्रामीणों के साथ लगातार कांबिंग की जा रही है। हालांकि बृहस्पतिवार को क्षेत्र में न तो तेंदुआ के पदचिह्न मिले हैं और न ही किसी ग्रामीण के द्वारा उसे देखे जाने की बात सामने आई है।
विकासखंड भावलखेड़ा के गांव जमालपुर में पिछले 15 दिनों से तेंदुआ की सक्रियता बनी हुई है। तेंदुआ ने कुत्ते-गाय आदि का शिकार किया है। अब तक किसी भी व्यक्ति पर हमला करने का मामला सामने नहीं आया है। बुधवार को तेंदुआ ने एक गाय का शिकार किया था। वहीं निगोही क्षेत्र के घुसगवां गांव में भी तेंदुआ देखे जाने का मामला प्रकाश में आया था। इसके बाद वहां तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया गया था। तेंदुआ की गतिविधि जमालपुर में देखे जाने पर वन विभाग ने घुसगवां में लगा पिजड़ा हटाकर गांव जमालपुर में लगा दिया था।
पिंजड़े में बकरे को बांधा है। तेंदुआ की लोकेशन लेने के लिए चार कैमरे भी लगाए गए हैं। बृहस्पतिवार को वन विभाग की टीम ने गांव जमालपुर में ग्रामीणों के साथ कांबिंग की। जहां-जहां तेंदुआ के पदचिह्न मिले थे, टीम ने वहां भ्रमण किया। इसके अलावा ग्रामीणों को बताया गया कि रात्रि में अकेले न जाएं। तेेंदुआ दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें।
डीएफओ आदर्श कुमार ने बताया कि तेंदुआ ने अपने भोजन के लिए अब तक जानवरों का शिकार किया है। किसी भी मनुष्य के ऊपर हमला किए जाने का मामला प्रकाश में नहीं आया है। वन विभाग लगातार सक्रियता बरत रहा है। पिजड़ा लगा दिया गया है। एक वन दारोगा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है जो लगातार क्षेत्र में रहकर कांबिंग कर रही है। प्रयास किया जाएगा कि तेंदुआ अपने सामान्य स्थान पर पहुंच जाए। अन्यथा की स्थिति में उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा और जंगल में छुड़वा दिया जाएगा।