तिलहर सीएचसी पर टीकाकरण कराने पहुंचे लोग।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। 15 से 18 साल के किशोर-किशोरियों को टीकाकरण की शुरुआत के तीसरे दिन भी खासा उत्साह देखा गया। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर लोग टीकाकरण कराने पहुंचे। किशोर-किशोरियों का कहना था कि शुरुआत में डर लग रहा था, लेकिन टीका लगने के बाद बहुत अच्छा लग रहा है। उन लोगों ने कहा कि वे अपने साथियों को भी टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करेंगे।
मैंने वैक्सीन लगवा ली है। सभी लोगों को वैक्सीन लगवानी चाहिए। वैक्सीन को लेकर कोई भ्रांति न पाल कर विशेषज्ञों की सलाह पर यकीन करना चाहिए। मास्क भी लगाएं। - रोशनी वर्मा, मुड़िया कुर्मियात पुवायां
सरकार नि:शुल्क वैक्सीन की सुविधा दे रही है और समाज की सुरक्षा के लिए है। सभी को वैक्सीन लगवाने के साथ ही आसपास के लोगों को भी प्रेरित करना चाहिए। - जसनदीप सिंह, करनापुर पैतापुर पुवायां
मैंने वैक्सीन लगवा ली है। कोई दिक्कत नहीं हुई। 15 से 18 आयु वर्ग के सभी लोग जल्दी से वैक्सीन लगवा लें और घर, आसपास के बड़े लोगों को भी वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक करें। - बंटी गुप्ता, गांव पटई पुवायां
टीका लगवाने के बाद कोई परेशानी नहीं हुई। बस हल्का दर्द महसूस हो रहा है। टीका लगने से सुरक्षा प्राप्त होगी। मैं टीकाकरण के लिए अपने अन्य साथियों को भी प्रेरित करूंगा। - अर्जित राज सक्सेना, तिलहर।
टीकाकरण कराया जाना सरकार का सराहनीय कदम है। मैंने टीका लगवा लिया है। मुझे बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। कोई परेशानी नहीं है। मैं सभी अपने मित्रों से अपील करता हूं कि सभी टीकाकरण अवश्य कराएं। - अथर्व कुमार, दातागंज, तिलहर।