फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शारदा का शरीर है क्रूरता के 48 घंटों का गवाह

विज्ञापन
विज्ञापन
पुवायां (शाहजहांपुर)। कथित तांत्रिक दुर्वेश ने बृहस्पतिवार शाम तंत्र मंत्र के नाम पर शारदा देवी को गर्म चिमटे से दागना और पीटना शुरू किया। शारदा देवी ने शनिवार रात दम तोड़ दिया। यानी वह 48 घंट तक तड़पती रही। शारदा के शरीर पर जलाने के तमाम निशान दुर्वेश की क्रूरता की साफ गवाही दे रहे थे। जलाने के साथ शारदा को पीटा भी गया था।
विज्ञापन

पति सर्वेश कुमार ने बताया कि उसकी शादी को 13 साल हो चुके हैं, लेकिन शारदा के कोई संतान नहीं हुई। सर्वेश छह भाई है, और सभी अलग-अलग घर में रहते हैं। सर्वेश के पिता और मां सबसे छोटे पुत्र मुनीश के पास रहते हैं। सर्वेश का छोटा भाई दुर्वेश दीपावली के बाद से हरदोई के गोपामऊ के एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आ गया। तभी वह तंत्र विद्या सीखने के लिए गोपामऊ जाने आने लगा।
बुधवार को घर लौटने पर दुर्वेश ने परिवार वालों को बताया कि वह तंत्र विद्या में पारंगत हो चुका है। उसने परिवार की चार महिलाओं पर भूत, प्रेत का साया बताने के साथ उन्हें जल्द ठीक करने की बात कही। उसने सर्वेश से कहा कि शारदा देवी पर चुड़ैल का साया है। उसके हटाने से शारदा देवी को संतान हो जाएगी। सर्वेश के घर में बृहस्पतिवार शाम से दुर्वेश ने तंत्र क्रिया शुरू की। उसने चुड़ैल भगाने के नाम पर कई बार चिमटा आग में लाल करके शारदा देवी के शरीर पर लगाया, जिससे उनके शरीर पर गहरे जख्म हो गए। वह चीखती रही, लेकिन उसे परिवार के किसी सदस्य ने नहीं बचाया। शुक्रवार और शनिवार को भी उसे जलाया गया। चीखने पर कथित तांत्रिक शारदा देवी को पीटता था। तड़प-तड़पकर शनिवार रात शारदा देवी ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार शारदा देवी के पूरे शरीर पर जलाए जाने के निशान और जख्म है। तमाम स्थानों पर फफोले पड़े हुए हैं। नाजुक अंगों पर भी जलाए जाने के निशान हैं।
विज्ञापन

पुलिस को सर्वेश के घर लोहे केे एक तसले में जली हुई हवन सामग्री मिली है। आंगन में जलाए गए उपलों की राख मिली है। समझा जाता है कि इन्हीं उपलों में चिमटा गर्म कर शारदा देवी को गहरे जख्म दिए गए हैं। उपलों के पास ही अधजली अगरबत्तियां लगी मिली हैं। मौके से आटे का एक दीपक और चिमटा भी बरामद हुआ है।
पूछताछ के दौरान सर्वेश ने अभी तक ज्यादा जानकारी तो नहीं दी है, लेकिन पुलिस का अनुमान है कि बृहस्पतिवार से लेकर शनिवार रात तक शारदा देवी को गरम चिमटों से दागा गया, लेकिन पड़ोस के किसी व्यक्ति को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। अनुमान है कि शारदा देवी को गरम चिमटे लगाने से पहले प्रसाद के नाम पर नशा दिया गया होगा, या फिर उसका मुंह बांध दिया होगा।
दुर्वेश से डरते थे पड़ोसी, किसी को नहीं लगी भनक
दीपावली के बाद से दुर्वेश हरदोई जाकर तंत्र मंत्र सीखने लगा था। वह गांव आकर तांत्रिक बन जाने की खूब डीगें हांकता था। सर्वेश के घर के पास गरीब आबादी है और लोग ज्यादा शिक्षित भी नहीं हैं। इस कारण दुर्वेश के तंत्र विद्या से किसी भी नुकसान कर देने धमकी के कारण लोग उससे दबने लगे थे और उसके घर के पास कम जाते थे। शारद उदेवी के साथ तीन दिन तक होते रहे जुल्म की जानकारी लोगों को नहीं हो पाने का एक कारण यह भी रहा। घटना के बाद भी लोग दुर्वेश के बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे।
अंतिम संस्कार करने थी योजना
शारदा देवी की 27 फरवरी की रात आठ बजे मौत हो गई थी। इसकेे बाद भी परिवार के लोगों ने किसी को सूचना नहीं दी। रविवार को शरदा देवी के मायके से फोन आया, तब सर्वेश ने शारदा देवी की मौत की जानकारी दी। सर्वेश और उसके परिवार के लोग किसी को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस बीच शारदा के मायके से लोग आ पहुंचे और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
कुंता देवी ने बताई हैवानियत
पुवायां। शारदा के अलावा उसकी देवरानी कुंता देवी को भी कथित तांत्रिक दुर्वेश ने घायल किया है। सीएचसी पर कुंता देवी ने बताया कि दुर्वेश चुड़ैल को उतारने की बात कहकर तीन दिन से शारदा को जला रहा था। शनिवार को दुर्वेश ने उस पर भी भूत का साया बताया था। दुर्वेश ने भूत उतारने के नाम पर उसे छुरी से घायल कर दिया और बांस की संटी से काफी पीटा। छुरी गरम करके दागा भी। इस बीच शारदा की हालत बिगड़ने पर दुर्वेश कहीं चला गया, जिससे उसकी जान बच गई।
बोला शारदा का पति, भाई ने कहीं का नहीं छोड़ा
कथित तांत्रिक दुर्वेश तो मौका पाकर भाग निकाल है, लेकिन सर्वेश पुलिस की गिरफ्त में आ गया। कोतवाली आने के बाद पत्नी के साथ क्रूरता में भाई का साथ देने वाला सर्वेश बिल्कुल भोला बनकर दिखाने लगा। बोला दुर्वेश ने तंत्र मंत्र के चक्कर में उसकी पत्नी की जान ले ली और उसे कहीं का नहीं छोड़ा।
पूछताछ के दौरान झूमने लगी सर्वेश के परिवार की महिला
शारदा देवी की मौत की सूचना पर पुलिस और मीडिया के लोग गांव पहुंचे। सर्वेश के घर मौजूद एक महिला से पूछताछ के दौरान महिला अचानक झूमने लगी। इसके बाद महिला झूमती हुई बैठ गई और काफी देर बाद सामान्य हो सकी। इससे आशंका है कि दुर्वेश ने प्रसाद के नाम पर घर वालों को नशीला पदार्थ तो नहीं दिया है, जिससे महिलाओं की स्थित सामान्य नहीं है।
दुर्वेश और उसके गुरू की तलाश
पुवायां। पुलिस को पूरे मामले में अब दुर्वेश की तलाश है। दुर्वेश के पकड़े जाने के बाद पता लग सकेगा कि दुर्वेश का तांत्रिक गुरू कौन है, जिसके कहने पर दुर्वेश ने भाभी शारदा देवी को चिमटों से दाग कर और पीटकर मार डाला। दुर्वेश के मिलने के बाद पुलिस उसके गुरू पर भी शिकंजा कसेगी।
परिवार, गृहस्थी में तमाम महिलाएं किसी बात को लेकर कुंठा और घुटन का शिकार हो जाती हैं। महिलाएं बात को घर के लोगों से नहीं कह पाती, जिससे मन स्थिर न होने के कारण अजीब हरकतें करने लगती है। परिवार के लोग भी उनको स्थिति को नहीं समझते हैं। लोग इसे भूत, प्रेत का साया समझ लेते हैं, जबकि यह एक प्रकार की बीमारी है। भूत, प्रेत कुछ नहीं होता है। यदि इस तरह की समस्या हो तो अपने नजदीकी डॉक्टर से सलाह लेकर इलाज कराएं। - डॉ. संजीव सिंह, मनोचिकित्सक शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें