शाहजहांपुर। घरेलू कलह के चलते एक महिला ने बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे कमरे में दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हरदोई जिले के थाना मझला क्षेत्र के गांव पांडेयतारा निवासी राधेश्याम ने बेटी प्रीति (24) की शादी कटरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला गोविंदपुर निवासी अवनीश से करीब नौ साल पहले की थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से पति, देवर, बहनोई, बहन और सास छोटी-छोटी बात पर प्रीति को तंग करते थे। बृहस्पतिवार की शाम प्रीति प्रताड़ना से इतना तंग आ गई कि उसने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि ससुराल वालों ने मायके पक्ष को घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
फंदे से शव को उतारकर बेड पर लिटाने के बाद पति समेत ससुराल पक्ष भाग गए। अन्य रिश्तेदारों से सूचना मिलने के बाद मायका पक्ष प्रीति की ससुराल पहुंच गया। उस समय प्रीति का शव बेड पर पड़ा था घर के अंदर कोई नहीं था। इसके बाद मायके पक्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति अवनीश समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कटरा थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि पति एक पैर से दिव्यांग है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।