शाहजहांपुर। बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे एक पॉलिटेक्निक कॉलेज की कंयूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा ने जहर खा लिया था। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती छात्रा की हालत अब ठीक है। छात्रा ने वार्डन और चार-पांच छात्राओं पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। पीड़िता के भाई के मुताबिक संस्थान उस पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। अगर आरोपियों पर कार्रवाई न हुई तो वह प्रधानमंत्री की जनसभा में अपना मुद्दा उठाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बस्ती जिले की रहने वाली छात्रा शाहजहांपुर जिले के पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़त है। छात्रा ने सुसाइड नोट लिखकर जहर खा लिया था। सुसाइड नोट पर छात्रा ने लिखा था कि छात्रावास की वार्डन की शह पर कुछ छात्राओं ने पूर्व में उससे मारपीट की थी। उसका बाथरूम में नहाते वक्त वीडियो बना लिया था। इसी कारण उसने जहर खा लिया। पीड़िता के भाई का आरोप है कि शुक्रवार को उसने शिक्षण संस्थान के प्रशासन से आरोपी वार्डन के खिलाफ शिकायत की, लेकिन वहां के कुछ टीचर उल्टा पीड़िता को ही जिम्मेदार बता रहे हैं।
भाई का आरोप है कि वे लोग उसके ऊपर दबाव बना रहा है। पीड़िता के भाई ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह शनिवार को प्रधानमंत्री की जनसभा स्थल के पास धरने पर बैठ जाएंगे। कांट थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अभी तक छात्रा की तरफ कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
पीड़िता के परिवार पर संस्थान की तरफ कोई दबाव नहीं बनाया गया है। संस्थान की अनुशासन समिति के साथ ही निदेशालय की तरफ से भी जांच शुरू कर दी गई है। दो दिन में अनुशासन समिति जांच रिपोर्ट सौंप देगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाचार्य, शिक्षण संस्थान
पॉलिटेक्निक की पीड़ित छात्रा से मिले अभाविप कार्यकर्ता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती छात्रा से मुलाकात की। उसे हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान छात्रा प्रमुख पायल गुप्ता, महानगर मंत्री अनुज जौहरी, जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह, महानगर मंत्री अनुज जौहरी, महानगर सह मंत्री श्रुति गुप्ता, वैभव सक्सेना, महानगर मीडिया संयोजक आयुष श्रीवास्तव, अंशुमन आदि शामिल रहे।