चीनी से भरे ट्रक को गायब करने वाला निगोही पुलिस की गिरफ्त में। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र की डालमिया चीनी मिल से 400 क्विंटल चीनी लोड कर निकला ट्रक गुजरात नहीं पहुंचा। चालक का फोन बंद होने पर गुजरात की कंपनी की ओर से थाने पर तहरीर दी गई। इसके बाद ट्रक को पुलिस और एसओजी की टीम ने बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक बने सिंह उर्फ बंटा गुज्जर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चालक चीनी को राजस्थान के भरतपुर में बेचने की फिराक में था।
20 जनवरी को डालमिया चीनी मिल निगोही से में चार सौ कुंटल चीनी के 800 बोरे गांधीधाम गुजरात के लिए लोड किए गए थे। ट्रक को दिन में तीन बजे चालक बने सिंह उर्फ बंटा गुज्जर निवासी नगला खड़ईया थाना उच्चैन जिला भरतपुर राजस्थान लेकर रवाना हुआ था। अगले दिन गुजरात की कंपनी ने ट्रक चालक बने सिंह से संपर्क साधा तो उसका नंबर बंद था। ट्रक के गंतव्य स्थान पर नहीं पहुंचने पर न्यू जमीदार ट्रांसपोर्ट कंपनी गांधीधाम कच्छ गुजरात के कृष्णा हुड्डा ने 23 जनवरी को निगोही थाने में मुकदमा दर्ज कराया। एसपी एस आनंद ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निगोही थाना प्रभारी दिलीप सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने 25 जनवरी को ऊंचा नगला चौकी क्षेत्र जिला भरतपुर राजस्थान से चीनी से लोड ट्रक को बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि चालक बने सिंह चीनी को बेचने की फिराक में था। इसलिए वह ट्रक को भरतपुर ले गया था। इस बात को चालक ने कुबूल भी किया है।