जलालाबाद में चोर द्वारा तोड़ी गई सेफ दिखाता गृहस्वामी। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। बुधवार रात नगर के मोहल्ला गांधीनगर में चोर गल्ला व्यापारी के घर के ताले तोड़कर पौने दो लाख की नकदी समेत हजारों का जेवर व घरेलू सामान चोरी कर ले गए। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जांच की।
गांधीनगर के रहने वाले सचिन गुप्ता गल्ले का व्यापार करते हैं। 23 जनवरी को नगर के मोहल्ला कानूनगोयान में रहने वाले उनके साले अंशुल गुप्ता की शादी थी। उनके पत्नी व बच्चें वहीं थे। बुधवार रात करीब सात बजे घर में ताला डालकर सचिन भी अपनी ससुराल चले गए। रात नौ बजे वह वापस घर लौटे। बकौल सचिन मेन गेट का ताला खोलकर जब वह अंदर दाखिल हुए तो देखा कि सभी कमरों के ताले टूटे पड़े हैं। बताया कि कमरों के अंदर चोरों ने दो सेफ व तीन बक्सों के ताले तोड़कर एक लाख अस्सी हजार की नकदी, सोने चांदी के जेवरात व कपड़ों समेत करीब चार लाख का माल साफ कर दिया था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। अभी तक चोरों के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस घटना के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।