शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के गांव चांदपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद राठौर की बेटी अर्चना देवी (14) गांव नवदिया ओरीलाल के एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। सोमवार सुबह आठ बजे वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। साथ में अर्चना की छोटी बहन राधा देवी दूसरी साइकिल से चल रही थी।
गांव केसरपुर मोड़ के पास अर्चना पीछे से धान लेकर आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई और उसकी पहिये से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। राधा देवी के शोर मचाने पर लोग आए तो ट्रैक्टर चालक कुछ दूर पर ट्रैक्टर छोड़ कर भाग निकला।
नाराज परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सीओ पुवायां बीएस वीर कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक और छात्रा के परिजनों के बीच समझौते के लिए बातचीत चल रही है। परिजनों ने जाम खोल दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।