शाहजहांपुर। शहर के तमाम इलाकों में स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिसकी वजह से रात को अंधेरा रहता है। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर हाल में लगाई गईं नई स्ट्रीट लाइटें खराब हो हो गईं। नगर निगम में रोज पांच से छह शिकायतें स्ट्रीट लाइटें खराब होने की पहुंच रही हैं। पिछले केवल दो माह में 50 स्ट्रीट लाइटें खराब हुईं, जिनकी शिकायत नगर निगम में दर्ज कराई जा चुकी है।
एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड की ओर से पूरे शहर में स्ट्रीट लगाई गई हैं। इन लाइटों की मरम्मत की जिम्मेदारी भी इसी कंपनी की है। शहर के गली-मोहल्ले और प्रमुख सड़कों पर लगे खंभों की स्ट्रीट लाइटें खराब होने की शिकायतें नगर निगम के कंट्रोल रूम रूम में पहुंच रही हैं। मगर सिस्टम की लापरवाही के चलते शहर का अंधेरा नहीं मिट पाया।
मोहल्ले में कई दिनों से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। तीन-चार दिन पहले नई स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए नगर निगम के कंट्रोल के नंबर पर फोन करके शिकायत दर्ज कराई थी। अभी लाइटें न होने की बात कही जा रही है। - उत्तम वर्मा, रोशनगंज
एमनजई जलालनगर में स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत 21 अक्तूबर को दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक ठीक करने नहीं आया है। स्ट्रीट लाइट न जलने से रात को सड़कों पर अंधेरा छाया रहता है। - अजीम खान, जलालनगर
कॉलोनी में तीन खंभों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं जलती हैं। जिनके खराब होने की शिकायत एक अक्तूबर को दर्ज कराई थी। एक महीना होने जा रहा है, स्ट्रीट लाइटें ठीक नहीं हो सकी हैं। यह तो लापरवाही है। - अभिषेक कश्यप, सैनिक कॉलोनी
मोहल्ले में स्थित शिव मंदिर पर लगी स्ट्रीट लाइट समेत चार के खराब होने की शिकायत को दर्ज कराए हुए दो महीने से ज्यादा हो गए। आज तक कोई कर्मचारी स्ट्रीट लाइट सही करने के लिए नहीं आया है। - इंद्रपाल सिंह, वजीरगंज
स्ट्रीट लाइट लगाने और ठीक करने की जिम्मेदारी कंपनी की है। दीपावली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटों के जलने की स्थिति का निरीक्षण करने और खराब होने पर तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। जहां से शिकायतें प्राप्त हो रहीं है। वहां की स्ट्रीट लाइटें सही करा दी जाएंगी। - रश्मि भारती, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम शाहजहांपुर।