शिया समुदाय ने बुधवार को ही मनाई ईद
नगर में मुस्लिमों के शिया समुदाय से जुड़े लोगों ने बुधवार को ही ईद मनाई। इस अवसर पर सुबह साढ़े नौ बजे नगर के मोहल्ला बिजलीपुरा स्थित शिया मस्जिद में मौलाना सैयद एजाज मेहदी ने ईद की नमाज अदा कराई। इस अवसर पर उन्होंने कौम और देश की तरक्की के लिए दुआ की और ईद की मुबारकबाद दी।
शिया समुदाय से ताल्लुक रखने वाले मुस्लिमों ने बुधवार को बिजलीपुरा मस्जिद पहुंचकर ईद की खुशियां मनाईं और सामूहिक रूप से नमाज अदा की। इसमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। मौलाना एजाज मेहदी ने ईद की मुबारकबाद देते हुए एकता और भाईचारे का संदेश दिया। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बाद में लोगों ने एक-दूसरे घरों में जाकर सेवइयों, फलों और खानपान के अन्य आइटमों का लुत्फ लिया।