कृष्णा राज को बधाई देने वालों के दिनभर घनघनाए फोन
सांसद कृष्णा राज के केंद्रीय राज्यमंत्री बनने पर उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। वहीं भाजपाई खुशी में मिठाई बांट रहे हैं। उधर, सांसद आवास पर दूसरे दिन भी लोगों ने पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सांसद कार्यालय से सभी को मिठाई खिलाकर विदा किया जा रहा है। बुधवार को कई जनपदों के विशिष्टजनों और गणमान्यों ने फोन पर कृष्णा राज को बधाई दी, वहीं बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने दिल्ली पहुंचकर राज्यमंत्री से मुलाकात कर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री का ओहदा पाने वाली सांसद कृष्णा राज के कैंप कार्यालय प्रभारी अशोक कुमार, उनके सहयोगी विपिन सक्सेना, मोहिनीश गुप्ता आदि पूरे दिन फोन पर बधाई देने वालों के फोन रिसीव करते रहे। इस बीच ग्रामीण और शहरी इलाकों से पहुंचने वाले समर्थकों ने भी सांसद की अनुपस्थिति में खुशी का इजहार करते हुए बधाई दी। कार्यालय की ओर से बाकायदा सभी को लड़्डू खिलाए जा रहे थे। अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को मुरादाबाद के डीएम, कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर, नागपुर से अखिल भारतीय पासी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत तमाम विशिष्टजनों ने फोन पर बधाई दी।
इधर, विश्वकर्मा समाज के प्रदेश अध्यक्ष नरेश पांचाल, रमेश चंद्र शर्मा, संजीव शर्मा, राहुल शर्मा, पीयूष शर्मा, अशोक शर्मा, राधारमण शर्मा, शिवशंकर शर्मा आदि ने कृष्णा राज के राज्यमंत्री बनने पर हर्ष व्यक्त किया है। भाजपा महिला मोर्चा बरेली मंडल अध्यक्ष डॉ. रागिनी सिंह तथा किसान मोर्चा के पूर्व प्रवक्ता ब्रजमोहन शर्मा, उमेश कुमार, विनोद, विजय, रजत, सुरेंद्र आदि ने भी हर्ष व्यक्त किया।