बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर कलान थाना क्षेत्र के नौगमा मुबारकपुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने सोमवार रात करीब नौ बजे बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात हुए हादसे में कन्नौज के तालगांव निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू (31) की मौके पर ही मौत हो गई। गुलशन निवासी शमशाबाद, फर्रुखाबाद और अंकित निवासी सिरसागंज जिला फिरोजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज कलान सीएचसी में चल रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तीनों युवक कलान के नई बस्ती मोहल्ले में एक रिश्तेदारी में जा रहे थे। एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।