शाहजहांपुर। आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को ओसीएफ रामलीला मैदान पर योग शिविर का आयोजन किया गया। इसकी थीम मानवता के लिए योग रही। शिविर में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योग किया। वहीं प्रशासन का दावा है कि पूरे जिले में मंगलवार को 6,93,892 लोगों ने योग किया है।
शिविर में सुबह छह बजे से पहले ही योग साधकों का ओसीएफ रामलीला मैदान में जुटने लगे थे। सात बजे तक हजारों की संख्या में लोग पहुंच गए। मुख्य अतिथि बरेली के पूर्व मंडलायुक्त व प्रदेश के प्रमुख सचिव आर. रमेश कुमार, सांसद अरुण कुमार सागर, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। सांसद, डीएम उमेश प्रताप सिंह, सीडीओ एसबी सिंह आदि ने संबोधित किया।
प्रार्थना और गणेश वंदना से शुभारंभ, राष्ट्रगान से समापन
योग विज्ञान संस्थान के जिला प्रधान डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी के निर्देशन में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योग प्रशिक्षक अभिनव मिश्रा, मृदुल गुप्ता, योग विज्ञान संस्थान की ज्योति गुप्ता व पद्मा गुप्ता ने साधकों को योग कराया। शुभारंभ प्रार्थना के बाद सूक्ष्म व्यायाम से हुआ। फिर उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, दण्डासन, भद्रासन, अर्धउष्ट्रासन, शशांकासन, उत्तान मंडूकासन, वक्रासन, मकर आसन आदि का अभ्यास कराया और उनका महत्व भी समझाया। राष्ट्रगान व देशभक्ति पूर्ण जयघोष के साथ समापन हुआ। इससे पूर्व नन्हीं बच्ची गौरी कश्यप ने योग आधारित गणेश वंदना व आयुष वेलनेस सेंटर के बच्चों ने योगपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
धूप हुई तो उठकर जाने लगे साधक
ओसीएफ रामलीला मैदान में आयोजित शिविर में सुबह 7:10 बजे से योग कराया जाना शुरू हुआ। कई लोगों को खुले मैदान में धूप में बैठना मुश्किल होने लगा था। तमाम लोग बीच में ही अपनी दरी उठाकर लौटने लगे। उन्हें रुकने की अपील की भी गई।
प्रमुख रूप से ये लोग रहे मौजूद
एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एडीएम एफआर गिरिजेश कुमार, नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, आभा पांडेय, ईशा फाउंडेशन से डॉ. पुनीता अग्रवाल, व्यापारी नेता सचिन बाथम समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी व कर्मचारी, स्कूलों व कॉलेजों के शिक्षक, व विद्यार्थी मौजूद रहे।
साधकों ने कहा कि सामूहिक योग कर अच्छा लगा, नियमित करेंगे अभ्यास
एक कंपनी के निदेशक रामसरन वर्मा ने बताया कि वह पहली बार योग करने के लिए शिविर में आए। यहां आकर सामूहिक रूप से योग करना बहुत अच्छा लगा है, अब नियमित रूप से योग करेंगे।
महिला समूह की सदस्य माया देवी ने बताया कि वह एडीओ साहब के निर्देश पर योग शिविर में शामिल होने आई। उन्होंने शिविर में प्रशिक्षक द्वारा कराई गई सभी योग क्रियाओं को करने का प्रयास किया। यहां आकर अच्छा लगा।
इस्लामियां इंटर कॉलेज के प्रवक्ता इरफान अली खां बोले कि योग करना स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद है। हर किसी को योगाभ्यास जरूर करना चाहिए। बताया कि वह हर साल साथियों के साथ योग शिविर में आते हैं।
सिटी पार्क में रहने वाली वर्तिका रस्तोगी ने बताया कि नियमित रूप से योग करती हैं। यह स्वस्थ रहने के लिए उपयोगी है। उनकी कॉलोनी में ही योगा क्लासेस लगती है। इसको कॉलोनी की अन्य महिलाओं के साथ ज्वाइन करते हैं।
ओसीएफ स्कूल के छात्र सक्षम ने बताया कि वह स्कूल के शिक्षकों और अपने साथियों के साथ योग शिविर में प्रतिभाग करने आया। उसने सभी योगासन किए। शिविर में यह भी बताया कि नियमित योग करने से बुद्धि बढ़ती है।
आर्य महिला डिग्री कॉलेज में बीएससी की छात्रा प्रीति ने बताया कि वह अपनी फ्रेंड के साथ योग शिविर में हिस्सा लेने आई। अपने पापा के साथ रोजाना योग करती है। योग करना उसे अच्छा लगता है, तन व मन दोनों तरोताजा रहता है।
ओसीएफ रामलीला मैदान पर बच्चे के साथ योग करते लोग। संवाद- फोटो : SHAHJAHANPUR