नगर निगम कार्यालय में सीनियर सिटीजन सोसाइटी की बैठक में शामिल पदाधिकारी। स्रोत: संस्था
शाहजहांपुर। सीनियर सिटिजन सोसायटी की त्रैमासिक बैठक नगर निगम कार्यालय सभागार में हुई। इसकी अध्यक्षता संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी ने की। जिलाध्यक्ष उमेश चंद्र पाठक ने पूर्व मंडल आयुक्त आरके सिंह, प्रमोद चंद्र सेठ, मीरा सेठ, आईआईए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार को सीनियर सिटिजन सोसायटी का संरक्षक मनोनीत किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमने पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने का कार्य किया है।
जिला प्रशासन एवं अन्य सरकारी संस्थानों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की चर्चा की और एक अक्तूबर को होने वाले वरिष्ठ नागरिक दिवस के संबंध में लोगों को बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि उन लोगों के सामूहिक प्रयास से टाउनहॉल स्थित हॉकी क्लब के पास वरिष्ठ नागरिक केयर सेंटर का निर्माण हो चुका है। यह दिसंबर तक शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को अपने अनुभवों का लाभ समाज की युवा पीढ़ी से साझा करना चाहिए।
इस दौरान महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सावित्री शर्मा, प्रेमपाल सिंह एडवोकेट, मीनू मिश्रा, हरप्रसाद पांडेय आदि मौजूद रहे। महामंत्री सत्यप्रकाश तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। संवाद