शाहजहांपुर। जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति की बैठक बुधवार को मुख्यालय स्थित अटल सभागार में हुई। डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने बताया कि 12 सितंबर से 12 अक्तूबर तक महासदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में विभिन्न बैंकों एवं शासकीय प्रतिभूतियों में विनियोजन, बैंक कर्मचारियों के कैश क्रेडिट लिमिट पर ब्याज दर को फिर से निर्धारित करने, बैंक कर्मचारियों को इस वित्तीय वर्ष का बोनस देने, बैंक शाखाओं को सहकारिता विभाग के भवनों में शिफ्ट करने, मृतक आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने, सहयोगी गार्ड व सहकारी पर्यवेक्षक के प्रकरणों पर विचार, प्रधान कार्यालय के पुनरुद्धार, ऑडिटेड संतुलन पत्र सहित सभी एक दर्जन प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हुए।
बैठक में 12 सितंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सहकारिता राज्यमंत्री भारत सरकार मुरलीधर मोहोल द्वारा शुरू होने वाले एम पैक्स सदस्यता महाअभियान समारोह में शाहजहांपुर जिले के 110 को-ऑपरेटर्स और बैंक व विभाग के अधिकारियो को सूचीबद्ध किया गया।
अध्यक्षता करते हुए जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने कहा कि प्रत्येक किसान को सहकारिता से जोड़ कर उनके खाते जिला सहकारी बैंक की शाखा में खोलकर ऋण, खाद, डीएपी, बीज, कीटनाशक, खसरा खतौनी, आधार बनाकर हर प्रकार की सहूलियतें देंगे। बैठक में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अखिलेश प्रताप सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी, उपाध्यक्ष अजय कुमार प्रजापति, संचालक डॉ. रमाकांत दीक्षित, देव नारायण मिश्र, रोशनी देवी, अंशुमन कुमार सिंह मैसी, कृष्ण कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।