फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन हजार से अधिक पुलिस बल तैनात होगा प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में

विज्ञापन
रोजा मंडी के सामने रेलवे मैदान पर प्रधानमंत्री की जनसभा की तैयारी की ब्रीफिग करते एडीजी बरेली । ? - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अलावा तीन हजार से ज्यादा पुलिस बल, पीएसी और आरएएफ सुरक्षा का ऐसा तानाबाना बनेंगी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। दस कंपनी पीएसी लगाई गई है। शुक्रवार को एडीजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश विरोधी ताकतों से खतरा रहता है इसलिए ‘ब्लू बुक’ के अनुसार सुरक्षा के सभी जरूरी प्रबंध किए हैं। इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि विरोधी दल मुखालफत में प्रधानमंत्री के सामने प्रदर्शन न कर पाएं। शुक्रवार को भी रिहर्सल कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। रोजा रेलवे ग्राउंड में एडीजी, बरेली जोन अविनाश चंद्र ने आईजी, बरेली जोन रमित शर्मा की मौजूदगी में जनसभा की सुरक्षा व्यवस्था में नियुक्त पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की।
सबसे पहले एसपी एस आनंद ने सीओ, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टरों से कहा कि जनसभा स्थल के अंदर और उसके बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी रैली में आने वालों से शालीन व्यवहार करें। एंट्री प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी अंदर आने वाले हर व्यक्ति की ऊपर से नीचे तक तलाशी लें। माचिस, किसी तरह का द्रव्य, काला कपड़ा या फिर किसी तरह की आपत्तिजनक वस्तु जनसभा के अंदर नहीं आनी चाहिए।
विज्ञापन

एडीजी बरेली जोन अविनाश चंद्र ने कहा कि जनसभा के बाद पीएम का हेलिकॉप्टर बरेली पहुुंचेगा तब पुलिसकर्मी ड्यूटी खत्म करेंगे। अगर जनसभा के दौरान पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी स्थल छोड़ा तो कार्रवाई जरूर होगी। वीवीआईपी कार्यक्रम में आने वाले पुलिसकर्मियों को शेव बनवाकर और अच्छी ड्रेस पहनकर आना है। सीओ को निर्देशित किया कि वे ड्यूूटी चार्ट संभाल लें। कुछ लोग ऐसे भी होंगे जो पीएम नरेंद्र मोदी के करीब पहुंचने के लिए अलग-अलग हथकंडे भी अपनाएंगे। पुलिस की वर्दी पहनकर संदिग्ध लोग जनसभा में आने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए ड्यूटी कार्ड देख लें।
ब्रीफिंग में कम पुलिसकर्मियों के आने से एडीजी नाराज
ब्रीफिंग के दौरान एडीजी अविनाश चंद्र ने कहा कि जनसभा में साढ़े तीन हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन अभी सिर्फ एक हजार पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। यह बहुत शर्मनाक बात है। पुलिसकर्मियों की ऐसी लापरवाही बर्दाश्त योग्य नहीं है। उन्होंने अधीनस्थों से कहा कि न आने वाले पुलिसकर्मियों के नाम नोट कर लो। उनसे कारण पूछे जाएं। संतोषजनक कारण न हो तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मानसिक रूप से परेशान पुलिसकर्मियों को हटाएं
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसभा में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी अगर मानसिक रूप से तनाव में दिखें या फिर बीमारी की हालत में दिखें तो उनको फौरन ड्यूटी से हटाकर दूसरे पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगा दें। मानसिक रूप से परेशान पुलिसकर्मी किसी व्यक्ति से बेवजह उलझ सकता है।
जनसभा में लोगों की नजर पर रहेगी निगहबानी
जिस मैदान पर जनसभा होगी, उसकी लंबाई और चौड़ाई करीब एक किलोमीटर की होगी। ऐसे में एक छोर से दूसरे छोर तक जनसभा में आने वाले लोगों पर पैनी रखने के निर्देशित किया गया। पुलिसकर्मियों से कहा कि जनसभा में तैनात पुलिसकर्मियों को मौजूद लोगों की नजर पर निगहबानी करनी है। किसी व्यक्ति की संदिग्ध हरकत होते ही उसके बारे में अपने अफसर को बताना है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर खास नजर बनाकर रखनी है। वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर किसी तरह की अनर्गल अफवाह फैलाती पोस्ट का तत्काल खंडन कर कार्रवाई करें।
जनसभा के बाद भी मुस्तैद रहे पुलिस
एडीजी सिक्योरिटी ने कहा कि यूपी में वीवीआईपी और वीआईपी की कई जनसभाएं पिछले दो महीने में अलग-अलग जिलों में हो चुकी हैं। ख्याल रखना है कि जनसभा खत्म होने के बाद रोड पर जाम न लगे। सुल्तानपुर में जनसभा खत्म होने के बाद करीब पांच घंटा जाम लगा था। इसका मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया था। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिन पुलिसकर्मियों ने इससे पहले जनसभाएं संपन्न कराई हैं, उससे बेहतर प्रदर्शन करना है।
हेलिपैड पर अलर्ट रहें अधिकारी
जनसभा में हेलिपैड पर सुरक्षा का जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों से कहा गया कि वे किसी तरह की चूूक न होने दें। हेलिपैड पर कितने लोगों को जाना है, उसकी सूची डीएम के पास है। जिम्मेदार अधिकारी सूची ले लें। पीएम और सीएम के लिए फ्लीट भी तैयार कर ली गई है। फ्लीट में शामिल ड्राइवरों के मोबाइल नंबर, आईकार्ड समेत उनकी जांच करा लें। साथ ही उनको प्रशिक्षण दें कि फ्लीट से अगर कहीं दूर जाना पड़ जाए तो उस दौरान एक वाहन से दूसरे वाहन की कितनी दूरी रहना चाहिए, कितनी स्पीड रहना चाहिए।
कैमरों की नजर में रहेगी जनसभा
मैदान पर एक लाख से ज्यादा लोगों के आने की संभावना है। मैदान पर 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मैदान में पड़ी कुर्सियों को 85 ब्लॉक में बांटा गया। एक ब्लॉक में करीब पांच सौ कुर्सियां डाली गईं हैं। एक ब्लॉक में सुरक्षा के लिहाज से तीन कैमरे लगाए गए हैं। जनसभा में प्रवेश करने के लिए पांच गेट बनाए हैं। एक वीआईपी गेट बना है। इमरजेंसी के हालात में जनसभा स्थल पर ही एसपीजी की तरफ से एक ऑपरेशन थिएटर बनाया गया है। जनसभा में मंच से काफी दूर बैठने वाले लोगों के लिए 20 एलईडी लगाई गई हैं।

शाहजहांपुर में रोजा मंडी के सामने रेलवे मैदान पर प्रधानमंत्री की जनसभा की तैयारी का निरीक्षण कर?- फोटो : SHAHJAHANPUR

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें