सोमवार को प्रधानमंत्री की रैली के लिए रोजा रेलवे ग्राउंड में तैयारी चलती रही।
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। रोजा क्षेत्र के रेलवे मैदान पर 18 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा होगी। जनसभा में सुरक्षा लिए अलग-अलग जोन से छह एसपी समेत दो हजार पुलिसकर्मी और नौ कंपनी पीएसी की तैनाती की जाएगी। जनसभा में अलग-अलग जिलों से करीब दो हजार बसों के आने की संभावना है। इसके लिए पुलिस पार्किंग की व्यवस्था फाइनल कर रही है।
18 दिसंबर को रोजा के रेलवे मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक जनसभा में 36 हजार करोड़ रुपये की लागत से मेरठ से प्रयागराज करीब 600 किलोमीटर लंबे बनने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करेंगे। पीएम और जनसभा में आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए छह एसपी समेत करीब दो हजार पुलिसकर्मियों और नौ कंपनी पीएसी की तैनाती की जाएगी। माना जा रहा है कि पीएम को सुनने के लिए आसपास के अलग-अलग जिलों से करीब दो हजार बसों से कार्यकर्ता जनसभा में पहुंचेंगे।
इतनी बड़ी संख्या में पहुंचने वाली बसों को खड़ा करने के लिए प्रशासन ने रेलवे रैक ग्राउंड और सहारा मैदान को पार्किंग स्थल बनाया है। जहां पर आसानी से बसों को खड़ा करने के बाद जनसभा में आने वाले लोगों और वाहनों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। जिस रूट से जनसभा में आने के लिए वाहन आएंगे, उन रूटों का निरीक्षण कर उसकी मरम्मत कराना भी शुरू कर दिया गया है।
एसपी- 06
एएसपी- 13
सीओ - 28
इंस्पेक्टर- 53
दरोगा - 265
सिपाही - 1500
महिला सिपाही - 250
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी मुकम्मल की जा रही है। आने-जाने वाले लोगों को कोई दिक्कत न हो, प्रशासन इसका पूरा ख्याल रख रहा है। पार्किंग स्थल चिह्नित किए जा रहे हैं।
संजय कुमार, एसपी सिटी